पूर्णिया के श्रीनगर से शाहजहां की रिपोर्ट:
सगे भाई और भाभी ने मिलकर किया जानलेवा हमला
पारिवारिक और जमीनी विवाद की यह सनसनीखेज घटना श्रीनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत चनका पंचायत के वार्ड संख्या ग्यारह, मलेनियां रहिका गांव में आज मंगलवार सुबह घटित हुई. जानकारी के अनुसार, मलेनियां गांव का रहने वाला रजनीश कुमार मंडल सुबह अपने हिस्से की पैतृक भूमि की घेराबंदी करने के लिए टाट लगा रहा था. इसी दौरान उसकी सगी भाभी पतसया देवी और सगा भाई निरंजन कुमार मंडल वहाँ पहुँच गए और विरोध करने लगे. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भाभी ने देवर रजनीश मंडल के सिर पर धारदार हथियार से जोरदार वार कर दिया.
गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है इलाज
धारदार हथियार का वार लगते ही रजनीश कुमार मंडल लहुलूहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से घायल रजनीश को तुरंत इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) श्रीनगर ले जाया गया. डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है, जहाँ उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है.
थाने में दिया आवेदन, मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस खूनी संघर्ष के बाद पीड़ित पक्ष में भारी आक्रोश है. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल रजनीश मंडल की ओर से श्रीनगर थाने में अपनी भाभी पतसया देवी और भाई निरंजन कुमार मंडल के खिलाफ लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है. श्रीनगर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम घटना की हर पहलू से गहन जांच कर रही है. दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
