Purnia, प्रसिद्ध गुलाबबाग मंडी में और चमका पीला सोना , 10 फीसदी उछाल
प्रसिद्ध गुलाबबाग मंडी में और चमका पीला सोना , 10 फीसदी उछाल
पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट,
मौसम ने भले ही जिले के मक्का किसानों को निराश किया हो पर बाजार ने उनके चेहरे की रौनक लौटा दी है. पीला सोना कहे जाने वाले मक्का के रेट में 200 रुपए प्रति क्विंटल तक औसत उछाल आया. पूर्णिया के प्रसिद्ध गुलाबबाग मंडी के कारोबारियों की मानें तो यह उछाल अधिक दिनों तक रहने की संभावना नहीं है. फिलहाल मौसम को लेकर अच्छी क्वालिटी के मक्का का एराइवल कम हो रहा है जिससे रेट में हल्की तेजी है. कारोबारियों के अनुसार गुरुवार को गुलाबबाग मंडी में सबसे अच्छी क्वालिटी के मक्का का दाम 2100 रुपए प्रति क्विंटल, मध्यम क्वालिटी का 2060 जबकि इससे नीचे वाली क्वालिटी के मक्का का दाम 1900 रुपए प्रति क्विंटल तक लगाया गया. याद रहे कि कुछ दिन पहले तक इस मंडी में मक्का 1800 से 1900 के बीच बिक रहा था. गुलाबबाग के मक्का कारोबारी रंजीत सिंह एवं विनय जायसवाल ने बताया कि बारिश के मौसम के कारण मक्का की बेहतर क्वालिटी अभी नहीं मिल रही है. क्वालिटी बेहतर होने और डिमांड बढ़ने पर दाम में कुछ उछाल आने के आसार हैं पर अभी तुरंत इसकी उम्मीद नहीं दिख रही है.