'झाड़-फूंक नहीं, तुरंत लाएं अस्पताल...'; पूर्णिया के अमौर में समय पर इलाज से टला खतरा, मौत के मुंह से लौटी 8 साल की शमन

पूर्णिया के अमौर में खेलते समय 8 वर्षीय बच्ची शनम फातमा को सांप ने डंस लिया. गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने 55 वायल एंटी-वेनम इंजेक्शन देकर उसकी जान बचाई. यह घटना समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के महत्व को दर्शाती है.

पूर्णिया, अमौर. प्रखंड क्षेत्र की धुरपैली पंचायत के मधवाकोल गांव में सर्पदंश से प्रभावित 8 वर्षीय बच्ची शनम फातमा की समय पर इलाज मिलने से जान बच गई. बच्ची को गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल अमौर लाया गया था, जहां चिकित्सकों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया. इलाज के बाद बच्ची की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है और वह फिलहाल खतरे से बाहर है.

गली में खेल रही थी बच्ची, पीछे से सांप ने डंसा

बच्ची के चाचा मीर जफर ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे शनम फातमा अपनी गली में खेल रही थी. इसी दौरान पीछे की ओर से अचानक आए एक सांप ने उसे डंस लिया. सर्पदंश के बाद उसकी हालत गंभीर होने लगी.

परिजन बिना देर किए बच्ची को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमौर लेकर पहुंचे.

चिकित्सकों ने तुरंत शुरू किया इलाज

अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतेमामूल हक के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम ने बच्ची का तत्काल इलाज शुरू किया. सर्पदंश का असर गंभीर होने के कारण डॉक्टरों को इलाज के दौरान 55 वायल एंटी-वेनम इंजेक्शन देना पड़ा. इसके साथ ही बच्ची को अन्य आवश्यक उपचार और स्लाइन भी दिया जा रहा है.

चिकित्सकों के प्रयास के बाद बच्ची की हालत में काफी सुधार हुआ है.

समय पर अस्पताल पहुंचने से बची जान

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतेमामूल हक ने बताया कि बच्ची को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिसके कारण उसका इलाज तत्काल शुरू किया जा सका और उसकी जान बचाई जा सकी.उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में हर मिनट महत्वपूर्ण हो सकता है. ऐसे में मरीज को जल्द से जल्द स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना जरूरी है.

झाड़-फूंक में समय बर्बाद नहीं करने की अपील

डॉ. एहतेमामूल हक ने लोगों से सर्पदंश के मामलों में अंधविश्वास से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि कई लोग सांप काटने के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद कर देते हैं, जिससे मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है. उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाकर तुरंत चिकित्सा उपचार कराएं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >