मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर सैलून संचालक को मारी गोली, हालत गंभीर

घायल की पहचान चूनापुर निवासी धनीराम ठाकुर के पुत्र आजाद कुमार के रूप में हुई है.

पूर्णिया से रिपोर्ट :

पूर्णिया. जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामला मधुबनी थाना क्षेत्र के डीएवी चौक के समीप का है, जहां सोमवार रात करीब 10 बजे मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बाइक सवार अपराधियों ने एक सैलून संचालक को गोली मार दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया में भर्ती कराया गया है.

घायल की पहचान चूनापुर निवासी धनीराम ठाकुर के पुत्र आजाद कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि आजाद कुमार की डीएवी चौक पर सैलून की दुकान है. सोमवार रात दुकान बंद कर वह घर जाने के लिए निकला था. इसी दौरान विद्या निकेतन स्कूल के सामने बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया.

खुद को घिरता देख शुरू कर दी फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब आजाद कुमार ने मोबाइल छिनतई का विरोध किया और अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक गोली आजाद कुमार की जांघ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.

इलाके में अफरा-तफरी मच गई

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है.घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. वहीं घायल का हालचाल जानने के लिए वार्ड संख्या-4 की पार्षद कल्याणी राय एवं समाजसेवी राजीब राय ‘बबली’ भी जीएमसीएच पहुंचे.

पार्षद कल्याणी राय ने बताया कि अपराधियों ने पहले मोबाइल छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर गोली चला दी. उन्होंने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJIT SHUKLA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >