कसबा (पूर्णिया) से अक्षय की रिपोर्ट
Purniya News : बीते 16 जून को कसबा थाना क्षेत्र के सबदलपुर पंचायत स्थित डांगराहा गांव में 30 वर्षीय युवक मो. शाहजहां की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है.
रविवार को कसबा थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में सदर एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की मां रजीना खातून के आवेदन पर कसबा थाना में चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था.
गिरफ्तार आरोपियों ने संलिप्तता स्वीकारी
गठित टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर शनिवार को छापेमारी अभियान चलाया। सदर एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व और निगरानी में की गई कार्रवाई के दौरान डांगराहा गांव निवासी 20 वर्षीय मो. दिलशान तथा डगरूआ थाना क्षेत्र के लोकानी गांव निवासी 20 वर्षीय मो. लड्डू उर्फ अब्दुल रउफ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली। एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण आपसी विवाद सामने आया है। हालांकि, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है तथा शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में कसबा थानाध्यक्ष पुअनि ज्ञान रंजन, जलालगढ़ थानाध्यक्ष पुअनि दीपक कुमार, पुअनि सुशील कुमार, पुअनि प्रिंस कुमार, डीआईयू टीम, पूर्णिया तथा कसबा और जलालगढ़ थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
