24 घंटे से लापता किशोर की गला रेतकर हत्या, नहर किनारे मिला शव

पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. बुधवार शाम से लापता किशोर का शव गुरुवार को नहर किनारे बरामद हुआ. पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है.

जानकीनगर (पूर्णिया) से नितेश कुमार की रिपोर्ट

Purniya News : जानकीनगर थाना क्षेत्र में 24 घंटे से लापता एक किशोर की गला रेतकर हत्या कर दी गई. गुरुवार को उसका शव जेबीसी आरडी नहर के पूरब बांध पर मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. मृतक की पहचान चकमका गांव, वार्ड संख्या-05, महराजगंज पंचायत निवासी 16 वर्षीय करण कुमार के रूप में हुई है. वह अमरेन्द्र महतो का पुत्र था. परिजनों के अनुसार करण बुधवार की शाम करीब चार बजे घर से अकेले निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका. उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ मिल रहा था, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई थी.

गुरुवार को जानकीनगर थाना क्षेत्र के अभयराम चकला पंचायत स्थित इमली चांप मंदिर के समीप जेबीसी आरडी नहर के पूरब बांध पर एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान करण कुमार के रूप में की गई. शव पर गला रेतकर हत्या किए जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका की पुष्टि हुई है. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है.

हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पर जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान तथा बनमनखी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रतिम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास से विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं. पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है. मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद नहीं हुआ है. ऐसे में पुलिस मोबाइल की तलाश के साथ-साथ हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है.

जल्द होगा खुलासा : एसडीपीओ

बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रतिम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया गया है. परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा.

ALSO READ : बिहार में सिर्फ 1 रुपये में मिलेगी 40 एकड़ जमीन, जानिए सरकार का मेगा प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >