आने वाले दिनों में आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पूर्णिया का कोर्ट स्टेशन

दुरुस्त किए जाएंगे प्लेटफार्म और बहाल की जाएंगी यात्रियों की सुविधाएं

दुरुस्त किए जाएंगे प्लेटफार्म और बहाल की जाएंगी यात्रियों की सुविधाएं

कोर्ट स्टेशन पर वाशिंगपिट निर्माण को लेकर गंभीर दिख रहा रेल प्रशासन

डीआरएम ने किया कोर्ट स्टेशन का निरीक्षण, दिया प्लेटफार्म ऊंचा करने के निर्देश

पूर्णिया. जिला मुख्यालय स्थित पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के दिन बहूरने वाले हैं. कोर्ट स्टेशन को न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा बल्कि यात्रियों के लिए तमाम जरुरी सुविधाएं भी बहाल की जाएंगी. पूर्णिया आए समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने एक तरफ जहां व्यवस्था का जायजा लिया वहीं प्लेटफार्म पर ठहरी जनहित ट्रेन की बोगियों में चढ़ कर निरीक्षण कर यात्रियों से सुविधाओं के बारे में पूछा. अपनी अधीनस्थ रेल अधिकारियों को उन्होंने यात्रियों की सुविधा से जुड़े लंबित कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने का निर्देश दिया. इस दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री प्रतीक्षालय का बारीकी से अवलोकन किया.

अपने निरीक्षण के दौरान डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने पूछे जाने पर बताया कि बहुत जल्द इस स्टेशन पर ट्रेन के कोच में पानी भरने की सुविधा बहाल की जाएगी. ट्रेनों के परिचालन के दौरान यात्रियों को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए कोच में पानी भरने वाटर फिलिंग सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने कहा कि कोच में पानी भरने की व्यवस्था होने से यात्रियों का सफर अधिक सुगम होगा.उन्होंने कहा कि यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में होने वाली असुविधा को देखते हुए, प्लेटफॉर्म संख्या 01, 02 और 03 की ऊंचाई बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. इसका काम जल्द ही शुरू होगा. यह योजना फिलहाल टेंडर प्रक्रिया में हैं. उन्होंने बताया कि तेज धूप और बारिश से बचाव के लिए प्लेटफॉर्म पर यात्री शेड का दायरा बढ़ाया जाएगा. इसके साथ ही बैठने के लिए बेंचों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी.

शीघ्र व्यवस्थित होगा स्टेशन का वेटिंग रुम

डीआरएम श्री मिश्रा ने बताया कि कोर्ट स्टेशन का वेटिंग रुम दुरुस्त किया जाएगा. कमी को देखते हुए यहां यात्रियों के लिए कई व्यवस्था की जानी है. उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया. सौंदर्यीकरण कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया. यहां चल रहे कार्यों की धीमी गति पर उन्होंने चिन्ता जतायी और कहा कि सभी कार्यों को तीव्र गति व समय सीमा के अंदर करने का आदेश दिया गया है. श्री मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि शेष बचे सभी निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा.उन्होंने कहा कि यहां ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की भी मांग है, इस पर भी विचार किया जा रहा है. कोर्ट स्टेशन पर वाशिंग पीट निर्माण के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह रेलवे के संज्ञान में है.

सुविधाओं को ले डीआरएम को सौंपा गया मांग पत्र

गौरतलब है कि कोर्ट स्टेशन पर आश्वासनों के बावजूद कई महत्वपूर्ण सुविधाएं बहाल नहीं हो सकी हैं जबकि लंबी दूरी के कई ट्रेनों का परिचालन यहां से हो रहा है. इसी पर फोकस करते हुए पूर्णिया सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने डीआरएम को कोर्ट स्टेशन पर यात्रियों के लिए डीआरएम को कई सुविधाएं शीघ्र बहाल करने के लिए मांग पत्र सौंपा है. श्री यादव ने न केवल ट्रेनो संख्या बद्गाने की मांग की है बल्कि करीब तीन साल पूर्व कोशी एक्सप्रेस का पूर्णिया जंक्शन तक विस्तार करने की घोषणा पर अमल करने की जरुरत भी बतायी. श्री यादव ने कहा कि कोर्ट स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के मामले में कई कमी देखी जा रही है. उन्होंने क्रमवार रुप से इस तरफ डीआरएम का ध्यान आकृष्ठ किया. इस अवसर पर डीआरएम के साथ रेलवे के वरीय अधिकारी सहित रेलवे सुरक्षा बल मौजूद थे.

——————————-

आंकड़ों पर एक नजर

4.29 करोड़ कोर्ट स्टेशन को विगत वित्तीय वर्ष में हुई आय

02 ट्रेन जनहित व जनसेवा आने से बढ़ी रेलवे की आय

04 एक्सप्रेस और पांच पैसेंजर अभी चल रही स्टेशन से

40 हजार से अधिक की रोजाना होती है टिकट की औसत बिक्री

12 लाख रुपये प्रति महीने का होता है राजस्व

15 हजार यात्री औसतन रोजाना करते हैं सफर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >