Purnia Bribery Case : पूर्णिया जिले के केनगर प्रखंड में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) भारत मलिक को निगरानी विशेष इकाई (एसवीयू) की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में विभाग के दो अन्य कर्मियों को भी हिरासत में लिया गया है. शिकायत के सत्यापन के बाद हुई इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है.
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
एसवीयू के इंस्पेक्टर अविनाश झा ने बताया कि परिवादी राजेश कुमार साह ने जेई भारत मलिक के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की. जैसे ही जेई ने अपने चैंबर में रिश्वत की राशि ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया.
कर्मी की जेब से बरामद हुई रिश्वत की रकम
कार्रवाई के दौरान 10 हजार रुपये की रिश्वत की राशि विभाग के एक कर्मी की जेब से बरामद की गई. निगरानी टीम ने जेई के साथ दो अन्य कर्मियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पूरे मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.
एक दिन पहले ही लगे थे गंभीर आरोप
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पंचायत समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जेई भारत मलिक पर गंभीर आरोप लगाए थे. बैठक के दौरान उनके कार्यशैली को लेकर जमकर हंगामा हुआ था. इसके अगले ही दिन निगरानी की इस कार्रवाई ने उन आरोपों को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है.
आगे की कार्रवाई में जुटी निगरानी टीम
एसवीयू की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें : जमालपुर में जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक के घर ईडी की छापेमारी, करोड़ों रुपये ठगी मामले में पूछताछ जारी
