डीएम-एसएसपी की मौजूदगी में निकली भव्य 'तिरंगा यात्रा', देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

पूर्णिया जिले में आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. जिला स्कूल से शहीद स्मारक तक निकली इस यात्रा में हजारों लोग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आए. राष्ट्र एकता और अखंडता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया.

आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के पावन उपलक्ष्य में पूर्णिया जिला प्रशासन की ओर से एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. जिला स्कूल मैदान से शुरू होकर टाउन हॉल स्थित शहीद स्मारक तक पहुंची इस पदयात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा. हाथों में तिरंगा लिए हजारों लोगों की सहभागिता से पूरा शहर देशभक्ति के माहौल में सराबोर नजर आया.

अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प

तिरंगा यात्रा का समापन टाउन हॉल परिसर स्थित शहीद स्मारक पर हुआ, जहां उपस्थित अधिकारियों और नागरिकों ने अमर शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस दौरान सभी ने देश की अखंडता, संप्रभुता और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया. यात्रा में एनसीसी कैडेट्स, जीविका दीदियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया.

तिरंगा यात्रा में शामिल स्कूली बच्चे

'राष्ट्रहित में हर व्यक्ति निभाए अपनी भूमिका': डीएम अंशुल कुमार

जिला स्कूल प्रांगण से यात्रा का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि देश अपने स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है, साथ ही यह वर्ष 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने का भी ऐतिहासिक अवसर है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक को देश की प्रगति और एकता में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.

'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने की अपील: एसएसपी

पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. शौर्य सुमन ने यात्रा में आम लोगों और युवाओं की भारी भागीदारी पर प्रसन्नता जताई. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में राष्ट्रप्रेम और आपसी सौहार्द की भावना मजबूत होती है. उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >