Purnia Shock Incident: पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट. पूर्णिया शहर के फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी के समीप बीती रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सड़क किनारे खड़े एक टोटो पर अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिर गया, जिससे वाहन में भीषण आग लग गयी. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा टोटो धू-धू कर जलने लगा. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये.
चंद सेकंड में आग का गोला बना टोटो
स्थानीय लोगों के अनुसार टोटो सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार अचानक टूटकर सीधे वाहन पर आ गिरा. हाई वोल्टेज करंट दौड़ते ही टोटो में तेज धमाके के साथ आग लग गयी.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे. शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट की आशंका से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गयी.
बड़ा हादसा टला, खाली था वाहन
गनीमत रही कि हादसे के समय टोटो में कोई सवार नहीं था. अगर वाहन में यात्री मौजूद होते तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था. स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के दौरान कुछ देर के लिए इलाके में पूरी तरह अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
घटना की सूचना मिलते ही फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद करायी.
बिजली काटने के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
बिजली सप्लाई बंद होने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. हालांकि तब तक टोटो पूरी तरह जल चुका था.
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से पुराने और जर्जर तारों की जांच कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
लोगों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है. लोगों का कहना है कि शहर में कई जगहों पर बिजली के तार काफी पुराने और कमजोर हो चुके हैं. ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
घटना ने एक बार फिर शहर की बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Also Read: जीतनराम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, बाल-बाल बची ज्योति मांझी, जानिए क्या है पूरा मामला…
