Purnia Airport Update: पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट. पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. 17 मई 2026 को एयरपोर्ट पर कुल 1137 यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया, जो अब तक के प्रमुख आंकड़ों में शामिल है. दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए नियमित उड़ानों के कारण सीमांचल और आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
यात्रियों की संख्या ने तोड़ा नया रिकॉर्ड
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार शनिवार को यात्री आगमन की संख्या 587 रही, जबकि 550 यात्रियों ने पूर्णिया एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भरी. इस तरह कुल 1137 यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया. वहीं आगमन और प्रस्थान मिलाकर कुल 10 विमानों का संचालन हुआ.
पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद से लगातार यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो रही है. यही वजह है कि एयरलाइंस कंपनियां भी यात्रियों की मांग के अनुसार उड़ानों का संचालन बढ़ा रही हैं.
पीएम मोदी ने किया था एयरपोर्ट का उद्घाटन
बता दें कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 15 सितंबर 2025 को पूर्णिया एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था. इसके बाद सीमांचल क्षेत्र के लोगों को पहली बार बड़े स्तर पर हवाई सेवा की सुविधा मिलनी शुरू हुई. एयरपोर्ट शुरू होने के बाद व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा से जुड़े यात्रियों को काफी सुविधा मिली है.
दिल्ली, कोलकाता और हैदराबाद के लिए नियमित उड़ानें
पूर्णिया एयरपोर्ट से फिलहाल स्टार एयर और इंडिगो की नियमित सेवाएं संचालित हो रही हैं. स्टार एयर की फ्लाइट अहमदाबाद और कोलकाता के लिए उड़ान भर रही है. अहमदाबाद से आने वाली फ्लाइट सुबह 8:45 बजे पहुंचती है और दोपहर 1:05 बजे रवाना होती है. वहीं कोलकाता से फ्लाइट दोपहर 12:25 बजे आती है और सुबह 9:25 बजे वापस जाती है.
इंडिगो की फ्लाइटें भी यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो रही हैं. कोलकाता, दिल्ली और हैदराबाद के लिए रोजाना उड़ानें संचालित हो रही हैं. दिल्ली से आने वाली फ्लाइट दोपहर 1 बजे पहुंचती है और 1:55 बजे रवाना होती है.
सीमांचल के विकास को मिल रही नई रफ्तार
पूर्णिया एयरपोर्ट के संचालन से सीमांचल के विकास को नई गति मिली है. व्यवसाय, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में इसका असर साफ दिखाई देने लगा है. स्थानीय लोगों का मानना है कि आने वाले दिनों में यहां से और अधिक शहरों के लिए उड़ानें शुरू हो सकती हैं.
Also Read: जीतनराम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, बाल-बाल बची ज्योति मांझी, जानिए क्या है पूरा मामला…
