बढ़ने लगी है सर्राफा बाजार की रौनक, कई नामी ज्वैलरी शोरूम ने दे रखे हैं ऑफर
सर्राफा व्यापारी रख रहे ग्राहकों की पसंद का ख्याल, अच्छा कारोबार होने की उम्मीद
पूर्णिया. अक्षय तृतीया, ऐसा दिन जब बिना किसी मुहूर्त के देखे ही कोई शुभ कार्य किया जा सकता है. ऐसा माना जाता है कि इस दिन खरीदारी करना बहुत ही शुभ होता है और इसका फल कई गुना तक मिलता है. यही कारण है कि अक्षय तृतीया पर बाजार में जमकर खरीदारी होती है. इस बार 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया है. अक्षय तृतीया के लिए पूर्णिया के बाजार सजकर तैयार हैं. खास कर सर्राफा बाजार में ज्यादा रौनक है जबकि इलेक्ट्रानिक और आटोमोबाइल सेक्टर में भी तैयारी है. लोगों ने पहले से शादी-ब्याह की तैयारी से लेकर गृह प्रवेश, नयी कार व बाइक की डिलीवरी और आभूषणों की खरीदारी के लिए एडवांस बुकिंग भी करा रखी है. अलबत्ता, कारोबारियों को भी इस साल धन वर्षा की आस है. इसके लिए सर्राफा बाजार में कई जगह अलग-अलग ऑफर भी दिए गये हैं.गौरतलब है कि ज्वेलरी की खरीदारी के लिये अक्षय तृतीया का दिन काफी शुभ माना जाता है. इस दिन ज्वेलरी खरीदने की परंपरा रही है. धनतेरस और दिवाली के बाद ज्वेलरी की सबसे अधिक बिक्री अक्षय तृतीया को ही होती है. इस बार भी अक्षय तृतीया पर सर्राफा बाजार ने कारोबार को लेकर तैयारी की है. सर्राफा दुकानों में विभिन्न प्रकार की ज्वेलरी का डिस्पले किया गया है. खासकर हलके वजन वाली ज्वेलरी की विभिन्न वेराइटी विशेष रूप से रखी गयी है. ग्राहकों को लुभाने के लिए नए डिजाइन के जेवरों की रेंज उतारी गई है. इस दिन को खास बनाने के लिए ज्वेलर्स एक से बढ़कर एक आकर्षक ऑफर और छूट दे रहे हैं. सोने की कीमत अधिक होने के कारण कम वजन के ज्वेलरी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है.
