पूर्णिया. मरंगा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और शादी का दबाव बनाने को लेकर एक महिला और उसकी दो साल की बेटी की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार आरोपी प्रेमी ने पहले महिला की छोटी बेटी की हत्या की और इसके बाद महिला की भी हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महिला का सिर और उसकी दो साल की बेटी का शव बरामद किया है. मृतका की दूसरी बेटी को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर उसके दादा को सौंप दिया है.
कल्याणपुर चौक पुल के पास मिला था महिला का शव
एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर ने बताया कि 9 सितंबर को मरंगा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर चौक पुल, तीसरी नहर के पास एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. जांच में एफएसएल और डीआईयू टीम को भी शामिल किया गया.
जांच में हुई मृतका की पहचान
पुलिस जांच के दौरान मृतका की पहचान पूजा देवी, पति पवन शर्मा के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों और परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू की. तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची.
24 घंटे में मुख्य आरोपी मोहम्मद मोफिल गिरफ्तार
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद मोफिल को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. वह रहुआ मोगलानी, मरंगा थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है.
पुलिस के अनुसार पूछताछ और आरोपी की निशानदेही के आधार पर मृतका पूजा देवी का सिर बरामद किया गया. इसके बाद उसकी दो साल की बेटी अनुष्का के शव के अवशेष भी बरामद किए गए.
पति के पंजाब जाने के बाद शुरू हुआ था संपर्क
पुलिस के अनुसार पूजा देवी का पति पंजाब में मजदूरी करता है. इसी दौरान पूजा देवी और मोहम्मद मोफिल के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में कथित प्रेम प्रसंग में बदल गयी. पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच पिछले पांच से छह महीने से संबंध थे. दोनों पहले से शादीशुदा थे.
शादी का दबाव बनाने पर हत्या की साजिश का आरोप
एसडीपीओ अभिनव परासर के अनुसार पूजा देवी ने मोहम्मद मोफिल पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया था. पुलिस का आरोप है कि इसी दबाव के बाद मोहम्मद मोफिल ने महिला और उसकी छोटी बेटी को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले पूजा देवी की दो वर्षीय बेटी अनुष्का की हत्या की और इसके बाद पूजा देवी की भी हत्या कर दी. घटना को पांच से सात दिनों के दौरान अंजाम दिए जाने की बात पुलिस ने बतायी है.
बड़ी बेटी सुरक्षित बरामद, दादा को सौंपा
पुलिस ने मृतका की दूसरी बेटी को सुरक्षित बरामद कर लिया है. इसके बाद बच्ची को उसके दादा को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.
ससुर के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला
घटना को लेकर मृतका के ससुर जलधर शर्मा, उम्र करीब 70 वर्ष, निवासी मिल्की वार्ड संख्या-14, मरंगा के आवेदन के आधार पर मरंगा थाना कांड संख्या 349/26 दर्ज किया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
विशेष टीम की कार्रवाई से हुआ मामले का खुलासा
मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, पुअनि रोहित कुमार, पुअनि कुमार पंकज, पुअनि सुमन कुमारी, पुअनि राकेश कुमार शर्मा, पीटीसी मदन कुमार, सशस्त्र बल और डीआईयू टीम की भूमिका रही.
Also Read: दिवाली-छठ पर बिहार आने की टेंशन खत्म, 4 राज्यों के लिए चलेंगी 149 बसें, जानिए कब से मिलेगी सुविधा