purnia Mandi: बिहार की सबसे बड़ी कृषि मंडियों में शामिल गुलाबबाग मंडी में मंगलवार को मक्का बाजार में अच्छी हलचल देखने को मिली. अन्य दिनों की तुलना में खरीदारी बेहतर रही और किसानों को सूखे मक्का का अच्छा भाव मिला. लगातार तेज धूप निकलने से किसानों को मक्का सुखाने में सहूलियत मिली, जिसका असर मंडी में पहुंची फसल की गुणवत्ता पर भी दिखा.
सूखे मक्का की बढ़ी मांग, भाव में आई मजबूती
मंडी कारोबारियों के अनुसार मंगलवार को पूरी तरह सूखा मक्का लेकर कई वाहन मंडी पहुंचे. अच्छी क्वालिटी के मक्का की मांग अधिक रहने के कारण व्यापारियों ने पिछले दिनों की तुलना में करीब 10 रुपये प्रति क्विंटल अधिक कीमत पर खरीदारी की. सूखे मक्का का औसत भाव 2050 से 2080 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा.
वहीं मध्यम गुणवत्ता वाले मक्का का भाव 1870 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा, जबकि नमी वाले मक्का की खरीद 1750 रुपये प्रति क्विंटल तक हुई. व्यापारियों का कहना है कि मौसम साफ रहने पर आने वाले दिनों में भी मक्का बाजार में मजबूती बनी रह सकती है.
किसानों को मिला धूप का फायदा
लगातार धूप निकलने से किसानों को मक्का सुखाने में मदद मिली है. यही वजह है कि मंडी में बेहतर गुणवत्ता का माल पहुंच रहा है. अच्छी क्वालिटी के मक्का को खरीदार प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे किसानों को भी बेहतर दाम मिल रहे हैं.
चावल और दालों का बाजार रहा स्थिर
मक्का के अलावा चावल, गेहूं और दालों के बाजार में सामान्य कारोबार हुआ. ब्रांडेड बासमती चावल का अधिकतम भाव 13 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक रहा, जबकि अरहर दाल 14,500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी. सरसों और खाद्य तेल के दाम भी स्थिर बने रहे.
गुलाबबाग मंडी का प्रमुख बाजार भाव (प्रति क्विंटल)
मक्का 1870 से 2080 रुपये, गेहूं 2470 से 2650 रुपये, मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये, अरवा मोटा चावल 3050 से 3200 रुपये, बासमती चावल 12500 से 13000 रुपये, मसूर दाल 5550 से 6750 रुपये, मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये, अरहर दाल 10600 से 14500 रुपये और चना दाल 5550 से 6600 रुपये के बीच रही.
आलू का भाव 550 से 850 रुपये तथा प्याज 1600 से 1800 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा. लहसुन की कीमत 5300 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज की गई.
Also Read: बिहार के भूमिहीन परिवारों को मिलेगी जमीन, सरकार ने शुरू किया अभियान, मंत्री ने बताया प्लान
