पूर्णिया : पूर्णिया कॉलेज में प्रधानाचार्य प्रो. सावित्री सिंह के मार्गदर्शन में संस्कृत विभाग की ओर से संस्कृत दिवस की पूर्व संध्या पर समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत वाग्देवी सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर की गयी. छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, कुलगीत और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भव्य बनाया.
संस्कृत को प्राचीन ही नहीं, आधुनिक भाषा भी बताया
विभागाध्यक्ष डॉ. सविता ओझा ने स्वागत भाषण में बताया कि भारत में संस्कृत दिवस की शुरुआत 1968 में हुई थी. इसका उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों को संस्कृत भाषा के प्रति प्रेरित करना था.
मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद भारतीय ने संस्कृत उच्चारण की बारीकियों पर विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने मनुस्मृति में उद्धृत श्लोक को लेकर प्रचलित कुछ भ्रांतियों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए उनका निराकरण भी किया. उन्होंने कहा कि संस्कृत प्राचीन होने के साथ आधुनिक उपयोगिता वाली भाषा भी है.
कंप्यूटर के लिए संस्कृत को बताया उपयोगी
विशिष्ट अतिथि पूर्णिया विश्वविद्यालय के डीआर एकेडमिक डॉ. नवनीत ने संस्कृत की वैज्ञानिकता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में भी संस्कृत का प्रभाव बना हुआ है और कंप्यूटर के लिए संस्कृत को सबसे उपयुक्त भाषाओं में माना गया है.
पूर्णिया कॉलेज के भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज सेन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के त्रिभाषा सूत्र में संस्कृत का महत्व बढ़ा है. उन्होंने वर्तमान समय में संस्कृत की उपयोगिता पर भी चर्चा की.
गीत, संवाद और भाषण ने बांधा समां
कार्यक्रम में आदित्य, रचित और सावन ने संस्कृत गीत प्रस्तुत किये. वहीं स्नातक के छात्र पीयूष और सोनू ने संस्कृत भाषा में संवाद और श्रवण आधारित भाषण प्रस्तुत किया.
समारोह के दूसरे सत्र में विभाग की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कृत किया. अंत में स्नातक छात्र पीयूष ने संस्कृत भाषा में ही धन्यवाद ज्ञापन किया.
कार्यक्रम में जीएलएम कॉलेज, बनमनखी के हिंदी विभाग की प्राध्यापिकाओं के अलावा पूर्णिया कॉलेज के विभिन्न विभागों के शिक्षक डॉ. साजिदा अंजुम, डॉ. कंचन, सुश्री सुमी दत्ता, सुश्री नयनिका, डॉ. उत्तम घोष समेत संस्कृत विभाग के विद्यार्थी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें :झूमर, कजरी और सोहर की धुन पर सजे कदम, आम्रपाली में जारी लोककला का प्रशिक्षण
