पूर्णिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से जिला भाजपा कार्यालय, वनभाग में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जिला कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यशाला में जिले के विभिन्न मंडलों से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान अभियान को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की रूपरेखा पर चर्चा की गयी.
वंदे मातरम् के गायन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई. इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन जिला मंत्री मीनाक्षी सिन्हा ने किया.
सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा बतायी
अभियान के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री संजय पोद्दार ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों और बूथों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण की यात्रा तथा जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है.
मोदी के सेवा भाव को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान
मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रहा है. उन्होंने कहा कि मोदी ने संगठन के सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा, विचारों और जनकल्याणकारी कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के बीच रहकर सेवा और जनकल्याण का कार्य करता है.
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील
विशिष्ट अतिथि बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि एवं सदर विधायक विजय खेमका ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.
‘सेवा ही संगठन’ को कार्यशैली बताया
कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए ‘सेवा ही संगठन’ केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की कार्यशैली है. उन्होंने कहा कि पूर्णिया जिले में सेवा संकल्प अभियान को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा.
उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों, प्रभारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
मंडल और बूथ स्तर पर होंगी विभिन्न गतिविधियां
जिला संयोजक संजय पोद्दार ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों और बूथों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. इन गतिविधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यशाला में निवर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, जिला महामंत्री अरुण राय पुलक, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्णिया नगर निगम की उप महापौर पल्लवी गुप्ता सहित जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, सेवा संकल्प अभियान के मंडल संयोजक-सहसंयोजक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
