Purnea Murder: पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र के कचहरी बलुआ गांव में मंगलवार दोपहर खेत की पटवन के दौरान हुए विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है तथा मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पटुआ खेत में पानी जाने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार कचहरी बलुआ गांव निवासी 55 वर्षीय किसान जयकुमार साह अपने खेत में धान की रोपनी के लिए पटवन कर रहे थे. इसी दौरान पानी पड़ोसी सत्तो साह के पटुआ खेत में चला गया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
लाठी-डंडों से हमला, मौके पर हुई मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान जयकुमार साह पर लाठी-डंडों से हमला किया गया. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.
मजदूरों के शोर पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
Purnea Murder: खेत में धान रोपनी कर रहे मजदूरों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम और सरसी थानाध्यक्ष राहुल कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया. साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस ने दर्ज की कार्रवाई की तैयारी
सरसी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
