Ration Card: बनमनखी. बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देश पर पंचायत विकास दिवस के अवसर पर नए राशन कार्ड बनाने एवं राशन कार्ड में संशोधन की तैयारी को लेकर सोमवार को बनमनखी अनुमंडल कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने की. इसमें संबंधित विभागीय अधिकारियों, कर्मियों और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान सफलतापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए गए.
5 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
बैठक में बताया गया कि विभागीय पोर्टल में बदलाव के कारण पिछले कुछ दिनों से राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रभावित थी. अब एआरआई पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड बनाने और संशोधन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं. अधिक संख्या में आवेदन आने से पोर्टल की गति धीमी होने के कारण विभाग ने 5 अगस्त तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है.
पंचायत स्तर पर भरे जाएंगे आवेदन
एसडीओ प्रमोद कुमार ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लेकिन राशन कार्ड से वंचित परिवारों के आवेदन पंचायत स्तर पर विकास मित्र, पंचायत सेवक और अन्य संबंधित कर्मियों के माध्यम से भरवाए जाएं. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन दोपहर दो बजे तक सभी आवेदन प्रखंड कार्यालय में जमा किए जाएंगे.
ऑफलाइन पंजीकरण के बाद होगा सत्यापन
बैठक में बताया गया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आपूर्ति निरीक्षक एवं पणन पदाधिकारी ऑफलाइन पंजी में उनकी प्रविष्टि करेंगे. इसके बाद अगले दिन संबंधित आवेदनों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा और सत्यापन के उपरांत आवेदन ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे. पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी करेंगे.
डीलरों और अधिकारियों को दिए गए निर्देश
Ration Card: बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने भी अभियान से संबंधित आवश्यक जानकारी दी. अधिकारियों ने सभी डीलरों से पात्र लाभुकों तक अभियान की सूचना पहुंचाने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की.बैठक में डीलर संघ के जिला उपाध्यक्ष कलानंद सिंह, नरेश कुमार राम, संजय कुमार साह, अरुण कुमार, रमेश राम, अरुण कुमार यादव, सपना रानी चक्रवर्ती, सुरेश प्रसाद गुप्ता, बबलू कुमार गुप्ता, संजीव कुमार, संजय कुमार सिंह, शिवनारायण ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
