पति को छोड़ शादी के दो माह बाद प्रेमी के पास पहुंची विवाहिता, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Purnea News : पूर्णिया जिले के कसबा नगर परिषद क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है.

कसबा (पूर्णिया) से अक्षय कुमार की रिपोर्ट

Purnea News : कसबा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 स्थित फुलबड़िया मोहल्ले में गुरुवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बना रहा. शादीशुदा एक युवती अपने पति का घर छोड़कर प्रेमी के घर पहुंच गई और उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई. इस दौरान मोहल्ले में घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

जानकारी के अनुसार मोहनी पंचायत की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि उसका फुलबड़िया मोहल्ला निवासी करण कुमार के साथ पिछले आठ वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों ने करीब दो माह पूर्व उसकी शादी कटिहार जिले के एक युवक से करा दी.

युवती का आरोप है कि शादी के बाद भी उसकी बातचीत अपने प्रेमी से होती रही. इसी बीच 14 जून को प्रेमी के कहने पर वह अपने पति का घर छोड़कर बेंगलुरु चली गई, जहां करण कुमार काम करता था. दोनों कुछ दिनों तक वहीं रहे. गुरुवार को दोनों वापस कसबा पहुंचे.

प्रेमी के परिजनों ने अपनाने से किया इंकार

युवती के अनुसार जब वह अपने प्रेमी के साथ उसके घर पहुंची तो करण के परिजनों ने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया. इसी बीच करण कुमार वहां से कहीं चला गया. युवती का आरोप है कि प्रेमी के परिजनों ने उसे कहीं छिपा दिया है. प्रेमी के घरवालों के विरोध के बाद वह वहीं रहने की जिद पर अड़ गई, जिससे काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.

युवती ने कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है और यदि उसके प्रेमी के परिवार वाले उसे स्वीकार नहीं करते हैं तो वह कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेगी. दूसरी ओर, प्रेमी के परिजन किसी भी परिस्थिति में युवती को अपने परिवार का हिस्सा बनाने को तैयार नहीं दिखे.

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया. हालांकि किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. मामले को लेकर कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि पुलिस को अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. यदि किसी पक्ष की ओर से आवेदन दिया जाता है तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

ALSO READ : बिहार में सिर्फ 1 रुपये में मिलेगी 40 एकड़ जमीन, जानिए सरकार का मेगा प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >