पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट
Purnea News : पूर्णिया जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्सेला-जोगबनी स्टेट हाईवे पर गुरुवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में कदम टोला निवासी मंजू मरांडी तथा उनके दो पुत्र कृष्ण कुमार मरांडी (6 वर्ष) और जीतराज मरांडी (8 वर्ष) शामिल हैं. घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंजू मरांडी अपने दोनों बच्चों के साथ फलका थाना क्षेत्र के बेलगाछी गांव से एक बारात समारोह में शामिल होकर ऑटो से अपने घर लौट रहे थे. गुरुवार शाम जब उनका ऑटो मीरगंज थाना क्षेत्र के चंदवा स्थित मध्य विद्यालय के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पिता व एक पुत्र की अस्पताल में हुई मौत
हादसे में छह वर्षीय कृष्ण कुमार मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल मंजू मरांडी और उनके बड़े पुत्र जीतराज मरांडी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी. उपचार के दौरान पिता और बड़े पुत्र ने भी दम तोड़ दिया.
परिवार के तीन सदस्यों की मौत से मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से कदम टोला गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से सामान्य स्थिति में था और बच्चों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
Purnea News : हाइवा चालक की तलाश में जुटी पुलिस
मीरगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है. फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
ALSO READ : बिहार में सिर्फ 1 रुपये में मिलेगी 40 एकड़ जमीन, जानिए सरकार का मेगा प्लान
