टीबी स्क्रीनिंग में पूर्णिया ने लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की, डीएम ने महादलित टोलों में विशेष शिविर के दिए निर्देश

टीबी उन्मूलन अभियान के तहत पूर्णिया जिले ने स्क्रीनिंग लक्ष्य को पार कर लिया है. जिला पदाधिकारी ने महादलित टोलों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं ताकि टीबी रोगियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सके.

पूर्णिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट

पूर्णिया : टीबी उन्मूलन अभियान के तहत चल रहे विशेष स्क्रीनिंग कार्यक्रम में पूर्णिया जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्क्रीनिंग अभियान में और तेजी लाने तथा महादलित टोलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए.

लक्ष्य से अधिक हुई टीबी स्क्रीनिंग

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में प्रतिदिन टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य 12,719 लोगों का निर्धारित है. इसके विरुद्ध 7 जुलाई को 12,851 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जो निर्धारित लक्ष्य का 101 प्रतिशत है. जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना करते हुए अभियान की गति बनाए रखने पर जोर दिया.

एक्स-रे और एनएएटी जांच की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान टीबी जांच से जुड़े अन्य मानकों की भी समीक्षा की गई. एक्स-रे जांच का लक्ष्य 1,400 था, जबकि 673 लोगों का एक्स-रे किया गया. वहीं एनएएटी जांच का लक्ष्य 152 निर्धारित था, जिसके मुकाबले 149 जांच पूरी की गई.

महादलित टोलों में लगेंगे विशेष शिविर

जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि महादलित टोलों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष स्क्रीनिंग शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि टीबी रोगियों की समय पर पहचान और उपचार शुरू करना अभियान की प्राथमिकता है.

लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी विभागीय अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें.

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया, डीपीएम स्वास्थ्य सुरेंद्र दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे. जबकि सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >