पति के साथ जा रही आंगनबाड़ी सेविका बनी झपटमारों का शिकार, पर्स छीनते ही सड़क पर गिरी, GMCH में भर्ती

Purnea Crime News: दिनदहाड़े सड़क पर झपटमारी की इस घटना ने एक बार फिर पूर्णिया में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कुछ ही सेकंड में बदमाश पर्स लेकर फरार हो गए और आंगनबाड़ी सेविका गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी.

पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट.

Purnea Crime News: पूर्णिया शहर में बाइक सवार झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस बार बदमाशों ने अपने पति के साथ बाइक से जा रही एक आंगनबाड़ी सेविका को निशाना बनाया. पर्स छीनने की कोशिश में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद दोनों बदमाश पर्स लेकर फरार हो गए. घायल महिला का इलाज राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) पूर्णिया में चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

बेलोरी हाई स्कूल के पास वारदात, कुछ सेकंड में भाग निकले बदमाश

घटना पूर्णिया शहर के बेलोरी स्थित अंचित साह हाई स्कूल के समीप हुई. जानकारी के अनुसार मुफ़्फसिल थाना क्षेत्र के सिमलगाछी निवासी रत्नदेव नाथ की पत्नी सुनीता देवनाथ, जो आंगनबाड़ी सेविका हैं, अपने पति के साथ बाइक से बेलोरी होते हुए खुश्कीबाग जा रही थीं.

इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और महिला के हाथ में मौजूद पर्स छीनने की कोशिश की. अचानक हुए झटके से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई. इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं.

पर्स में मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज थे

वारदात के बाद दोनों झपटमार पर्स लेकर मौके से फरार हो गए. पीड़ित परिवार के अनुसार पर्स में मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, नकद रुपये और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों और महिला के पति ने उन्हें तत्काल GMCH पूर्णिया पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.

बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बाइक सवार झपटमारों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं. खासकर महिलाओं और अकेले सफर करने वाले लोगों को अपराधी आसानी से निशाना बना रहे हैं. दिनदहाड़े हुई इस घटना ने राहगीरों में भी डर का माहौल पैदा कर दिया है.

लोगों का मानना है कि व्यस्त सड़कों पर लगातार पुलिस गश्त और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

पटना: MLC पद की शपथ लेने के बाद पवन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत की.

Purnea Crime News: पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घायल सेविका के पति ने बताया कि घटना की सूचना मुफ़्फसिल थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके.

पुलिस का प्रयास है कि बदमाशों की आवाजाही का रूट और उनकी पहचान जल्द सामने आए. वहीं लोगों से भी अपील की जा रही है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

यह घटना केवल झपटमारी का मामला नहीं है, बल्कि शहर में महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल खड़े करती है. यदि अपराधियों पर समय रहते सख्ती नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं आम लोगों में असुरक्षा की भावना और बढ़ा सकती हैं.

ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा

ये भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में सबसे ज्यादा प्रेम में धोखे की शिकार होती लड़कियां, महिला थाने में दर्ज आंकड़ों से खुलासा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >