पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ान भरने वालों के लिए बड़ी खबर, आज से बदला फ्लाइट टाइम टेबल

Purnea Airport: अगर आप पूर्णिया एयरपोर्ट से हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता या अहमदाबाद की यात्रा करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. 1 जून से इंडिगो ने अपनी हैदराबाद फ्लाइट के समय में बदलाव किया है. नया टाइम टेबल लागू होते ही यात्रियों को अपनी यात्रा योजना भी बदलनी होगी.

पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट

Purnea Airport: सीमांचल के हवाई यात्रियों के लिए आज से नया फ्लाइट शेड्यूल लागू हो गया है. पूर्णिया एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों के समय में आंशिक बदलाव किया गया है. खासकर इंडिगो एयरलाइंस ने हैदराबाद रूट की अपनी फ्लाइट के आगमन और प्रस्थान समय में संशोधन किया है. एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार नया टाइम टेबल 1 जून से प्रभावी हो गया है. ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का समय जरूर जांच लेना चाहिए.

हैदराबाद फ्लाइट के समय में हुआ बदलाव

इंडिगो एयरलाइंस ने हैदराबाद-पूर्णिया-हैदराबाद सेवा के समय में बदलाव किया है. पहले हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट दोपहर 3 बजे पूर्णिया पहुंचती थी, लेकिन अब यह फ्लाइट प्रतिदिन दोपहर 2:40 बजे पहुंचेगी.

इसी तरह पूर्णिया से हैदराबाद जाने वाली उड़ान का समय भी बदल दिया गया है. शनिवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिनों में यह फ्लाइट अब 3:40 बजे उड़ान भरेगी, जबकि पहले इसका समय 3:55 बजे था. हालांकि शनिवार को यह फ्लाइट अपने पुराने समय 3:55 बजे ही प्रस्थान करेगी.

यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही

पूर्णिया एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. 31 मई को एयरपोर्ट से कुल 1104 यात्रियों ने यात्रा की. इनमें 560 यात्रियों का आगमन और 544 यात्रियों का प्रस्थान दर्ज किया गया.

पिछले कई दिनों के आंकड़े भी उत्साहजनक रहे हैं. 18 मई को 1118 और 17 मई को 1137 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी. लगातार एक हजार से अधिक यात्रियों की दैनिक आवाजाही यह संकेत दे रही है कि सीमांचल में हवाई यात्रा की मांग तेजी से बढ़ रही है.

इन शहरों के लिए उपलब्ध हैं नियमित उड़ानें

पूर्णिया एयरपोर्ट से वर्तमान में अहमदाबाद, कोलकाता, दिल्ली और हैदराबाद के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं. स्टार एयर और इंडिगो एयरलाइंस यात्रियों को सेवाएं दे रही हैं.

सुबह अहमदाबाद और कोलकाता की उड़ानों के साथ एयरपोर्ट की गतिविधियां शुरू होती हैं, जबकि दोपहर में दिल्ली और हैदराबाद के लिए विमान सेवा उपलब्ध रहती है. नए शेड्यूल के बाद यात्रियों को समय पर एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है.

सीमांचल की हवाई कनेक्टिविटी को मिल रहा नया विस्तार

पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू होने के बाद सीमांचल के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिली है. बदलते फ्लाइट शेड्यूल और बढ़ती यात्री संख्या यह दिखाती है कि यह एयरपोर्ट अब क्षेत्र की महत्वपूर्ण परिवहन जरूरत बन चुका है.

Also Read: पटना में बढ़ती गर्मी से जल संकट गहराया, 5 फुट नीचे गया जलस्तर, ट्यूबवेल पर बढ़ा दबाव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >