पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु की सीधी उड़ान की मांग, पप्पू यादव ने पीएम को लिखा पत्र

पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा की मांग उठी है. सांसद पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यह आग्रह किया है. साथ ही दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने और किराया कम करने की भी मांग की गई है.

पूर्णिया : पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू कराने की मांग की है. साथ ही उन्होंने दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने और यात्रियों से वसूले जा रहे अधिक किराये के मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है.

कोसी-सीमांचल के लिए एयरपोर्ट को बताया जीवनरेखा

सांसद ने कहा कि 15 सितंबर 2025 को पूर्णिया एयरपोर्ट का शुभारंभ होने के बाद कोसी-सीमांचल और अंग क्षेत्र के लोगों में हवाई संपर्क को लेकर नई उम्मीद जगी थी. हालांकि सीमित उड़ानों और गंतव्यों के कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी इसका पूरा लाभ नहीं उठा पा रही है.

उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट को सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, कटिहार, किशनगंज और भागलपुर समेत बड़े क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उड़ान सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता जतायी.

मुंबई के लिए सीधी उड़ान से श्रमिकों को होगा फायदा

पप्पू यादव ने कहा कि कोसी-सीमांचल के बड़ी संख्या में श्रमिक, व्यवसायी और कामगार मुंबई में रहते हैं. पूर्णिया से मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी. इससे क्षेत्र के व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

इसी तरह हैदराबाद और बेंगलुरु में काम करने वाले हजारों शिक्षित युवा और तकनीकी पेशेवरों की सुविधा के लिए इन दोनों शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग की गयी है.

दिल्ली की उड़ान बढ़ाने और किराया घटाने की मांग

सांसद ने दिल्ली के लिए वर्तमान सीमित उड़ानों की संख्या बढ़ाने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी से बेहतर हवाई संपर्क प्रशासनिक, शैक्षणिक, चिकित्सकीय और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है.

पूर्णिया-दिल्ली मार्ग पर अधिक किराया लिये जाने का मुद्दा उठाते हुए सांसद ने कहा कि फिलहाल इस रूट पर इंडिगो की ही उड़ान होने के कारण प्रतिस्पर्धा सीमित है. इसका असर यात्रियों पर पड़ रहा है.

अन्य एयरलाइंस को जोड़ने की मांग

पप्पू यादव ने नागर विमानन मंत्रालय और डीजीसीए के माध्यम से किराये की जांच कराने तथा अन्य विमानन कंपनियों को पूर्णिया-दिल्ली मार्ग पर सेवा शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने की मांग की.

उन्होंने एयर इंडिया, स्पाइसजेट और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी कंपनियों को जोड़ने तथा उड़ान योजना के तहत किफायती हवाई सेवा उपलब्ध कराने का आग्रह किया.

त्योहारों से पहले बढ़ें उड़ानें

सांसद ने आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा का हवाला देते हुए कहा कि इन पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी लोग घर लौटते हैं. ऐसे में त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त उड़ानें सुनिश्चित की जानी चाहिए.

उन्होंने आकाश एयर समेत अन्य इच्छुक विमानन कंपनियों को उड़ान योजना या व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर प्रोत्साहित करने की मांग की. साथ ही प्रधानमंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्रालय और विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया.

सदर अस्पताल जा रहे है तो जान लें ये बदलाव


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >