300 साल पहले विष्णुपुर गांव में बहू के खोएंछा में आयी थी मां काली, आस्था का प्रतीक बरगद का पेड़

आस्था का प्रतीक बरगद का पेड़

पीके करन, अमौर. पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड स्थित विष्णुपुर गांव में तीन सौ साल पुराना एक विशाल बरगद का पेड़ है जहां मां काली से जुड़ी आस्था है. गांव के बड़े बुजुर्ग कहते हैं कि करीब 300 साल पहले एक नवविवाहित दुल्हन रानीगंज हांसा अररिया से दुरागमन कराकर इस गांव आयी थी. मैथिल परंपरा के अनुसार, दुल्हन अपने मायके से खोइछा लेकर आयी थी. उसे गोसाईं घर में जाकर उस खोईछा को खोलना था. लेकिन उस समय हैरान करने वाला वाक्या हुआ. लाख प्रयास के बाद भी गोंसाई घर में दुल्हन का खोईछा नहीं खुला. परिवार के लोग दैविक प्रकोप के डर से कांप रहे थे. दूसरे दिन दुल्हन ने जो बात सबको बतायी वो हैरान करने वाली थी. दुल्हन ने बताया कि स्वप्न में मां काली ऩे कहा कि वो पहुंसरा ड्योड़ी की भगवती हैं. दुल्हन को बताया कि उसके खोईंछा में एक छोटा सा बरगद का पेड़ है उसी के रूप में वो यहां आयी हैं. मां काली ने दुल्हन को आदेश दिया कि खोइंछा पवित्र स्थान पर खोलकर विधि विधान के साथ मुझे स्थापित करो. सबका कल्याण होगा. जब यह बात पूरे गांव में फैली तो गांव के लोगों ने दुल्हन का खोईंछा में आये उक्त बरगद पेड़ को मां काली का प्रतीक मान कर स्थापित करने का निर्णय लिया. जब पूजा-पाठ किया गया तो वो खोईंछा खुद खुल गया .उसमें एक बरगद का पौधा सही में मिला. ग्रामीणों ने इस बरगद के पेड़ को मां काली का स्वरूप मानकर उसे स्थापित कर दिया. आज भी यह बरगद का पेड़ उसी जगह है और विशाल रूप में खड़ा है. यहां हर दिन श्रद्धालुओं द्वारा मां काली की पूजा अर्चना की जाती है. पूर्व में ग्रामीणों ने इस पेड़ के पास घास-फूस से बनाकर एक काली मंदिर स्थापित किया था. जहां हर वर्ष कार्तिक मास में मिट्टी की प्रतिमा स्थापित होती है और भव्य काली मेला लगता है. अब इस मंदिर को भव्य रूप दे दिया गया है. पहले इसे टीन का छत मिला और अब इस मंदिर का सौंदर्यीकरण कर टाइल्स वगैरह के साथ भव्य मंदिर बनाया गया है जो मां काली की आस्था का प्रतीक बना हुआ है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >