पांच दिनों से लापता 45 वर्षीय व्यक्ति का बहियार में मिला शव, इलाके में सनसनी

पूर्णिया के भवानीपुर में पांच दिनों से लापता 45 वर्षीय मो. मनीरूद्दीन का शव बीकोठी थाना क्षेत्र के दौड़ी बहियार में मिला है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

भवानीपुर, पूर्णिया. भवानीपुर थाना क्षेत्र से पिछले पांच दिनों से लापता 45 वर्षीय मो. मनीरूद्दीन का शव शुक्रवार को बीकोठी थाना क्षेत्र के दौड़ी बहियार में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

समधी के घर से लापता हुए थे मो. मनीरूद्दीन

रोशनगंज वार्ड संख्या एक निवासी मो. इलियास ने भवानीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अपने समधी मो. मनीरूद्दीन के लापता होने की जानकारी दी थी.

आवेदन के अनुसार मो. मनीरूद्दीन 24 अगस्त की रात अपने समधी मो. इलियास के घर आए थे. दोनों ने साथ में खाना खाया और इसके बाद रोशनगंज में आयोजित मेला देखने गए. मेला देखकर लौटने के बाद मनीरूद्दीन के सोने के लिए घर के दरवाजे पर बिछावन लगाया गया था.

सुबह उठने पर बिछावन से गायब थे मनीरूद्दीन

मो. इलियास के अनुसार 25 अगस्त की सुबह जब वह उठकर बाहर आए तो मो. मनीरूद्दीन वहां मौजूद नहीं थे. इसके बाद आसपास उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका.

परिजनों ने उनके घर जाकर भी जानकारी ली, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंचे थे. रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की मदद से लगातार खोजबीन की गई, लेकिन पांच दिनों तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया.

दौड़ी बहियार में मिला शव

इसी बीच शुक्रवार को बीकोठी थाना क्षेत्र के दौड़ी बहियार में एक शव मिलने की सूचना मिली. शव की पहचान मो. मनीरूद्दीन के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

घटना की सूचना भवानीपुर पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

कांड दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस

मामले को लेकर भवानीपुर थाना में कांड संख्या 216/26 दर्ज किया गया है. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पीएसआइ सुमन कुमार को सौंपी गई है.

आईओ सह पीएसआइ सुमन कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले में किसी दोषी की पहचान होने पर उसकी गिरफ्तारी कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.

मौत की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस

पांच दिनों तक लापता रहने के बाद दौड़ी बहियार में शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद मामले की स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >