पूर्णिया : आगामी महागणपति पूजा एवं मेला को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने गुलाबबाग स्थित मेला ग्राउंड का व्यापक निरीक्षण किया. यहां 14 से 27 सितंबर 2026 तक महागणपति पूजा एवं मेला का आयोजन होना है.
पंडाल से वायरिंग तक की जांच
जिला अग्निशमन पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने पूरे मेला परिसर का जायजा लिया. इस दौरान पूजा पंडालों के निर्माण, विद्युत वायरिंग और तारों की स्थिति की जांच की गयी. शॉर्ट सर्किट की आशंका को देखते हुए सुरक्षित और मानकों के अनुरूप वायरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
इमरजेंसी रास्तों पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति और अग्निशमन वाहनों के आवागमन की व्यवस्था भी देखी गयी. विभाग ने मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में अग्निशामक यंत्र, बालू और पानी की बाल्टियां उपलब्ध रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.
पूजा समिति को सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश
अग्निशमन विभाग की टीम ने पूजा समिति के सदस्यों और संबंधित कर्मियों को सभी अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा. प्रशासन का उद्देश्य मेला अवधि में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है.
