आपसी समन्वय से सभी विभाग शहर की यातायात व्यवस्था बनायें बेहतर: डीएम

विद्यालय वाहनों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से सुनिश्चित कराएं अनुपालन

कहा- विद्यालय वाहनों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से सुनिश्चित कराएं अनुपालन

बैठक में सड़क जाम की समस्या एवं ब्लैक स्पॉट पर विशेष कार्रवाई पर फोकस

अवैध पार्किंग,ओवरलोडिंग व यातायात नियमों के अनुपालन को ले चलेगा अभियान

पूर्णिया. जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वैश्य में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय परिवहन समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई.बैठक में पूर्णिया शहर की यातायात व्यवस्था,जाम की समस्या,सड़क सुरक्षा,हिट एंड रन मामलों,सड़क संबंधी कमियों के न्यूनीकरण,सुरक्षित वाहन संचालन,दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता तथा चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक के क्रम में जिलाधिकारी ने शहर में सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने नगर निगम, पथ निर्माण विभाग, यातायात उपाधीक्षक तथा परिवहन विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया.

बैठक में जिलाधिकारी ने शहर में वन-वे व्यवस्था लागू करने,समुचित पार्किंग सुविधा विकसित करने, प्रमुख स्थानों पर साइनेज एवं जेब्रा क्रॉसिंग बनाने, टोइंग वाहन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया.जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा. जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों तथा विभागीय निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराएं. उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम एवं नियमावली का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की नियमित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट नियमित रूप से जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए. बैठक में संबंधित डीएसपी यातायात, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता मौजूद थे.

विद्यालय परिवहन समिति की बैठक

विद्यालय परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा निजी विद्यालय संगठन के प्रतिनिधियों को विद्यालयों में परिचालित सभी वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही कराने का निर्देश दिया और कहा कि किसी भी स्थिति में सुरक्षा मानकों के विपरीत वाहनों का संचालन नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए विद्यालयों में बच्चों के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिता तथा विचार गोष्ठियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया गया.बैठक में हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने ऐसे सभी मामलों में पीड़ितों को मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें

बैठक में डीएम श्री कुमार ने जिला परिवहन पदाधिकारी को सभी मामलों में प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जबकि नगर निकायों को सड़क अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया. डीएम श्री कुमार ने कहा कि अवैध पार्किंग, बिना निबंधित वाहनों का परिचालन, ओवरलोडिंग तथा निर्धारित रूट से इतर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर जुर्माना एवं जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

दुर्घटनाओं को रोकने को ले करें सुरक्षा उपाय

डीएम अंशुल कुमार ने पथ निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियों के अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क को मोटरेबल बनाए रखने के लिए नियमित रूप से स्थलों का निरीक्षण करें. इसके साथ ही जिले में चिह्नित दुर्घटना बाहुल्य ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर वहां दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं तथा उसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर एक से अधिक बार सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, वहां अनिवार्य रूप से रैंबल स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराएं तथा उन स्थलों की नियमित निगरानी कराएं. डीएम ने हेलमेट जांच अभियान को नियमित रूप से चलाने का निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >