हड़ताल पर चल रहे सीओ की आइडी से 42 डिसमिल जमीन का अवैध म्यूटेशन

पूर्णिया जिले के केनगर अंचल में हड़ताल पर चल रहे सीओ की आइडी से 42 डिसमिल जमीन का अवैध म्यूटेशन किये जाने का मामला सामने आया है.

– मृत जमींदार के नाम से फर्जी केवाला तैयार कर म्यूटेशन कराने का आरोप – प्रभारी सीओ बोले- भूस्वामी की आपत्ति दर्ज, केवाला का सत्यापन कराने के बाद अग्रेतर कार्रवाई – हड़ताली सीओ बोले- मेरी आइडी से छेड़छाड़ कर म्यूटेशन कराना गंभीर व जांच का विषय केनगर(पूर्णिया). पूर्णिया जिले के केनगर अंचल में हड़ताल पर चल रहे सीओ की आइडी से 42 डिसमिल जमीन का अवैध म्यूटेशन किये जाने का मामला सामने आया है. आरोप यह भी है कि मृत जमींदार के नाम से फर्जी केवाला तैयार कर म्यूटेशन कराया गया है. इस संबंध में राजस्व अधिकारी सह प्रभारी अंचल अधिकारी भवेश कुमार सिंह ने बताया कि केवाला के सत्यापन हेतु उसे निबंधन कार्यालय सदर, पूर्णिया भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संलिप्त राजस्व कर्मचारी व दस्तावेजों में हेरफेर करने वाले बिचौलियों पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जायेगी. मूल भूस्वामी की आपत्ति दर्ज कर ली गयी है. वहीं हड़ताल पर चल रहे सीओ दिवाकर कुमार ने बताया कि मैं अभी हड़ताल पर हूं. मेरी आइडी से छेड़छाड़ कर म्यूटेशन कैसे किया गया, यह गंभीर व जांच का विषय है. कार्य पर लौटते ही इसकी गहन जांच करायी जायेगी. वहीं एडीएम, पूर्णिया रवि राकेश ने बताया कि मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है, लेकिन यदि हड़ताल के दौरान आईडी का दुरुपयोग कर ऐसा किया गया है, तो यह अत्यंत गंभीर है. इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. जानकारी के अनुसार, सतकोदरिया पंचायत से जुड़ा यह मामला है. पीड़ित संतोष कुमार, मनोहर कुमार, मंतोष कुमार और योगेश कुमार ने बताया कि कुल 89 डिसमिल जमीन में से 42 डिसमिल पर जालसाजी की गयी है. आरोप है कि पड़ोसी ने अपने पिता का नाम बदलकर मृत जमींदार के नाम से एक फर्जी केवाला तैयार करवाया. इसके तहत मूल जमाबंदी से 42 डिसमिल जमीन काटकर आरोपित के नाम म्यूटेशन कर दिया गया. मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि वर्तमान में अंचलाधिकारी हड़ताल पर हैं. इसके बावजूद 7 अप्रैल को उनकी लॉगिन आईडी का उपयोग कर इस म्यूटेशन को स्वीकृति दे दी गयी. फिलहाल, इस मामले में अग्रेतर जांच के बाद ही कुछ खुलासा हो पायेगा. पूर्व में फर्जी केवाला पर जमाबंदी का मामला हुआ था उजागर केनगर. पूर्णिया जिले के केनगर अंचल में हड़ताल पर चल रहे सीओ की आइडी से 42 डिसमिल जमीन का अवैध म्यूटेशन किये जाने जैसी शिकायत इस अंचल में कोई अकेला नहीं है. हाल में ही एक शिकायत सामने आयी थी कि रजिस्ट्री के बाद सीमांकन सत्यापित नहीं होने पर दाखिल खारिज का आवेदन रद होने पर केवाला में छेड़छाड़ करते हुए खेसरा बदलकर सीमांकन पूर्ववत रखा और फिर जमाबंदी करा ली. इसमें दर्ज दस्तावेज संख्या दूसरे अंचल से संबंद्ध पाया गया. यह झुन्नी इस्तमबरार पंचायत से जुड़ा मामला था. इसमें जमीन रजिस्ट्री करनेवाले भूस्वामी ने इसे लेकर सीओ के यहां आपत्ति दर्ज करायी है. इसके बाद राजस्व अधिकारी सह प्रभारी अंचल अधिकारी भवेश कुमार सिंह ने अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Abhishek Bhaskar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >