जूट की बढ़ी चमक, मक्का भी 10 रुपये तेज, जानें गुलाबबाग मंडी का ताजा भाव

पूर्णिया की गुलाबबाग जूट-गल्ला मंडी में जूट की मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी आई है, वहीं मक्का के भाव में भी 10 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल दर्ज किया गया है।

पूर्णिया के गुलाबबाग जूट एवं गल्ला मंडी में शनिवार को जूट और मक्का दोनों में तेजी देखने को मिली. बंगाल के जूट मिलों से बढ़ी मांग के कारण जूट की खरीदारी तेज हुई है, वहीं पोल्ट्री फीड और स्टार्च उद्योगों की लगातार मांग से मक्का बाजार में भी गरमाहट बनी हुई है. इससे मंडी में कारोबारियों और किसानों के बीच चहल-पहल बढ़ गई है.

बंगाल की मांग से जूट बाजार में बढ़ी चमक

कारोबारियों के अनुसार कोलकाता सहित बंगाल के जूट मिलों से मांग बढ़ने के कारण गुलाबबाग के जूट कारोबारियों ने खरीदारी तेज कर दी है. अधिक आपूर्ति के लिए व्यापारी अपना भंडार भी बढ़ाने में जुटे हैं. दो दिन पहले तक जिस जूट की खरीद 11 हजार से 11 हजार 500 रुपये प्रति क्विंटल तक हो रही थी, उसमें तेजी का रुख देखने को मिल रहा है.

मक्का में फिर 10 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल

दूसरी ओर मक्का बाजार की गरमाहट भी बरकरार है. पोल्ट्री फीड और स्टार्च उद्योगों से बढ़ती मांग के कारण शनिवार को मक्का के दाम में करीब 10 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई. कारोबारियों के बीच खरीदारी की प्रतिस्पर्धा से मक्का की बिकवाली मजबूत बनी हुई है.

शनिवार को मंडी में मक्का का भाव नीचे 2350 रुपये और ऊपर 2540 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा. लगातार मांग बने रहने से आने वाले दिनों में बाजार की स्थिति पर कारोबारियों की नजर बनी हुई है.

चीनी की खरीदारी से भी मंडी में हलचल

इस बीच किराना बाजार में भी चीनी की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ी है. चीनी का भाव बढ़कर करीब 6500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. जूट, मक्का और चीनी में बढ़ती गतिविधियों से गुलाबबाग मंडी में कारोबार की रौनक बनी हुई है.

पूर्णिया की गुलाबबाग मंडी में भाव, प्रति क्विंटल

  • मक्का: 2350 से 2540 रुपये.
  • जूट: 11,400 से 11,800 रुपये.
  • गेहूं: 2650 से 2750 रुपये.
  • चावल मंसूरी: 3250 से 3425 रुपये.
  • चावल अरवा मोटा: 3050 से 3250 रुपये.
  • चावल बासमती: 12,500 से 13,000 रुपये.
  • दाल अरहर: 10,600 से 14,500 रुपये.
  • दाल मूंग: 9540 से 9600 रुपये.
  • दाल मसूर: 5550 से 6750 रुपये.
  • दाल चना: 5550 से 6600 रुपये.
  • गोटा मूंग: 8000 से 9000 रुपये.
  • गोटा चना: 6200 से 6400 रुपये.
  • सरसों पीला: 7300 से 7800 रुपये.
  • सरसों काला: 7000 से 7500 रुपये.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अखिलेश चंद्रा

अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >