पूर्णिया पूर्व से राजकुमार चौधरी की रिपोर्ट :
पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थानाक्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. घटना में प्रयुक्त वाहन एवं मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है. पीड़िता कटिहार जिले की रहनेवाली बतायी गयी.पीड़िता को फोनकर एक आरोपित युवक ने बुलाया था
पीड़िता के अनुसार, दिन के करीब दो बजे वह पूर्णिया के अन्देली चौक पहुंची थी. उसे गौरा निवासी रौनक ठाकुर ने फोन कर बुलाया था. रात्रि करीब आठ बजे रौनक ने दोबारा फोन कर अन्देली चौक पर रुकने को कहा. इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे रौनक ठाकुर सिल्वर रंग की इंडिका कार बीआर 11 पी ए 7406 से वहां पहुंचा .कार में उसके साथ महेंद्रपुर निवासी मोहम्मद मुन्ना और मोहम्मद सिराज भी सवार थे .तीनों युवक महिला को बहला-फुसलाकर गौरा मोड़ स्कूल के सामने स्थित एक गैरेज में ले गए .वहां आरोपियों ने जबरदस्ती दुष्कर्म किया.
गश्ती पुलिस ने बदहवास हालत में सड़क पर पीड़िता को देखा
पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर सड़क पर पहुंची. इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे मुफस्सिल थाना की गश्ती पुलिस वहां से गुजर रही थी .सड़क किनारे अकेली बदहवास महिला को देखकर पुलिस टीम ने पूछताछ की, जिसके बाद पूरी घटना का खुलासा हुआ.
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को दबोचा
मुफस्सिल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर घटनास्थल से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इंडिका कार को जब्त कर लिया है तथा आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम के जरिये घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.
