पूर्णिया. काढ़ागोला घाट से सोमवार को गंगा स्नान कर लौट रही महिलाओं से भरे टोटो को एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में टोटो पर सवार एक ही परिवार की पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल महिलाओं नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में सभी का इलाज चल रहा है. घायल में एक महिला की स्थिति नाजुक है. वहीं डॉक्टरों के अनुसार, घायलों को उचित चिकित्सा सहायता दी जा रही है. घायल महिला के अनुसार काढ़ागोला में गंगा स्नान करने के बाद टोटो पर सवार होकर अपना घर गेड़ाबाड़ी बाजार की ओर लौट रही थीं. इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने टोटो को जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गयी. घायल महिला में गेड़ाबाड़ी बाजार की पूनम चौधरी, भारती कुमारी, रंभा देवी, रीना देवी व दीपिका कुमारी समेत शामिल हैं.
पिकअप-टोटो टक्कर में काढ़ागोला से गंगा स्नान कर लौट रही गेड़ाबाड़ी की पांच महिलाएं घायल, जीएमसीएच में भर्ती
काढ़ागोला घाट से सोमवार को गंगा स्नान कर लौट रही महिलाओं से भरे टोटो को एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
