Purnia Child Murder Case: बैसा (पूर्णिया). अनगढ़ थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को महानंदा नदी के टापू स्थित ग्राम टिक्कर से एक चार वर्षीय बच्चे का शव बरामद होने के बाद मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद गठित विशेष टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुये आरोपी को गिरफ्तार किया.
महिला के बयान पर दर्ज हुआ था मामला
पुलिस ने बताया कि खुशबू देवी के फर्द बयान के आधार पर अनगढ़ थाना कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई.
वैज्ञानिक अनुसंधान से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार वैज्ञानिक, तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर 28 जुलाई को प्राथमिक आरोपी विक्रम कुमार उर्फ विक्रम मंडल (22), निवासी चौनी हटगाछी, थाना बायसी को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने बतायी है.
पत्नी से विवाद में मासूम की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि खुशबू देवी उसकी दूसरी पत्नी है और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में उसने पत्नी और उसके चार वर्षीय पुत्र को बहला-फुसलाकर महानंदा नदी के टापू पर ले गया. वहां महिला के साथ मारपीट की और उसके बेहोश होने के बाद उसे मृत समझकर छोड़ दिया. इसके बाद मासूम बच्चे की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर शव वहीं छोड़कर फरार हो गया. बाद में ग्रामीणों ने महिला को बचाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किए जाने की बात कही गयी है.
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
Purnia Child Murder Case: कार्रवाई में अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल, पुलिस पदाधिकारी सोनाली तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.
