कड़ी सुरक्षा के बीच इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू

इंटरमीडिएट परीक्षा

पूर्णिया. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुक्रवार से जिले में भी कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया है. जिले में इंटर की कॉपियों की जांच के लिए कुल तीन केंद्र बनाए गए हैं इनमें से जिला स्कूल (पूर्वी भाग), बीबीएम हाई स्कूल( ईस्ट पार्ट) और मां काली हाई स्कूल मधुबनी में उत्तर पुस्तिका की जांच शुरू हुई है. इन केंद्रों पर विषयवार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और त्रुटिहीन मूल्यांकन के लिए कई सख्त नियम लागू किए हैं. सभी मूल्यांकन केंद्रों के 100 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, मूल्यांकन केंद्रों के हर कमरे में सीसीटीवी लगाए गए हैं. पूरी प्रक्रिया की वीडियो ग्राफी भी की जा रही है. इतना ही नहीं, मूल्यांकन केंद्र के अंदर परीक्षकों और कर्मियों को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है. केवल केंद्र अधीक्षक को ही सीमित संचार की छूट दी गयी है. उत्तर पुस्तिकाओं के सभी मूल्यांकन केंद्रों के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात किए गये हैं. केवल वैध पहचान पत्र और नियुक्ति पत्र दिखाने वाले शिक्षकों को ही प्रवेश दिया जा रहा है. उत्तर पुस्तिका की इस बार भी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अंकों की प्रविष्टि ऑनलाइन की जा रही है. जैसे-जैसे कॉपियां जांची जाएंगी, उनके अंक सीधे सॉफ्टवेयर के माध्यम से बोर्ड के सर्वर पर अपलोड किए जायेंगे. इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर कंप्यूटर के जानकार कर्मियों और एमपीपी की तैनाती की गयी है. परीक्षकों को सुबह 8 बजे तक केंद्र पर रिपोर्ट करने को कहा गया है. कॉपियों के बंडल खोलने के साथ ही उसी दिन उनका मूल्यांकन पूरा करना अनिवार्य है. यदि कोई प्रतिनियुक्त शिक्षक मूल्यांकन कार्य में अनुपस्थित पाया जाता है तो बोर्ड ने उन पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इधर, मैट्रिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच दो मार्च से शुरू होगी. इसके लिए भी तैयारी तेज कर दी गयी है. जिला मुख्यालय के तीन केंद्रों पर मैट्रिक की कॉपियों का मूल्यांकन होगा. जिला स्कूल, बीबीएम और आर पी सी हाई स्कूल पूर्णिया सिटी को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है. उत्तर पुस्तिका की जांच को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >