पूर्णिया. मौसम की गरमाहट के साथ बिजली का सप्लाई सिस्टम गड़बड़ाने लगा है. बदलते मौसम में बिजली की कटौती और ट्रिपिग से पूर्णिया के उपभोक्ता बेहाल और परेशान हैं. आलम यह है कि बिजली का सप्लाई सिस्टम एक पखवाड़े से डिस्टर्व चल रहा है जबकि इस मौसम में बिजली की उपयोगिता बढ़ गई है. बीते शुक्रवार को बिजली की ट्रिपिंग भी अधिक हुई जबकि शनिवार को भी यही हाल रहा . इतना ही नहीं, कहीं दो तो कहीं तीन घंटे बिजली आती-जाती रही. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल होने की शिकायत आम है. बिजली कंपनी के अधिकारी सुधार की बात कह कर सप्लाई व्यवस्था को बेहतर करने की बात तो करते हैं लेकिन समस्या गहराती जा रही है. आलम यह है कि है कि शहर के रामबाग, शांतिनगर, बाड़ीहाट, ततमा टोली, शिवाजी कालोनी, दुर्गाबाड़ी, चिमनी बाजार, पूर्णिया सिटी, बरसौनी, गुलाबबाग, चंदननगर आदि मुहल्लों से लगातार बिजली की ट्रिपिंग की शिकायतें आ रही हैं. शनिवार को गुलाबबाग में सुबह से 9 बजे दिन तक लगातार बिजली गुल रहने की शिकायतें उपभोक्ताओं ने की है. प्रोफेसर कालोनी, मधुबनी, शक्तिनगर आदि मुहल्लो में भी बिजली की लुकाछिपी से उपभोक्ता परेशान रह रहे हैं. समर मेंटेनेंस व प्री मानसून की तैयारी नहीं विभागीय जानकारों की मानें तो गर्मी का मौसम आने से पहले पावर सब स्टेशनों में समर मेंटेनेंस करना लाजिमी हो जाता है पर पूर्णिया में इसका सर्वथा अभाव बताया जा रहा है. जानकारों ने बताया कि पावर सब स्टेशनों में इन्सुलेटरो की स्थिति ठीक नहीं है. पुराने होने के कारण वे जर्जर और कमजोर हो गए हैं. जानकारों के मुताबिक बरसात पूर्व ट्री कटिंग भी जरूरी है क्योंकि इसके कारण ट्रांसमिशन लॉस होता है और इससे भी विद्युतापूर्ति बाधित हो जाती है. जानकारों ने बताया कि ट्रांसमिशन लॉस को रोकने के लिए प्री मानसून की तैयारी का प्रावधान है. इसके तहत बरसात आने से पहले सिस्टम को दुरूस्त रखने और ट्रांसमिशन लास के बचाव के उपाय किए जाते हैं. मगर, कहते हैं इस दिशा में सार्थक पहल नहीं हो सकी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
