दिलीप यादव को एकबार फिर मिली राजद जिला अध्यक्ष की कमान

विधानसभा चुनाव

पूर्णिया. विधानसभा चुनाव के बीच राजद नेतृत्व ने पार्टी के जिला अध्यक्ष मिथिलेश दास को हटा दिया है. उनकी जगह पूर्व विधायक दिलीप कुमार यादव को कमान सौंपी गयी है. यह जानकारी पार्टी के जिला प्रवक्ता डा. आलोक राज ने दी. उन्होने बताया कि पार्टी की ओर से इस आशय का पत्र जारी कर दिया गया है. जारी पत्र में कहा गया है कि पार्टी के जिला अध्यक्ष मिथिलेश दास के बारे में बराबर यह शिकायत मिल रही है कि वे पार्टी संगठन के कार्य में सक्रिय नहीं है. इसके चलते पार्टी का सांगठनिक आधार सुदृढ़ नहीं हो पाया है. चुंकि अभी विधानसभा चुनाव में राजद समेत महागठबंधन के कई उम्मीदवार चुनाव मैदान में है. ऐसी परिस्थिति में जिलाध्यक्ष का दायित्व बढ़ जाता है. इसलिये सभी विन्दुओं को देखते हुए श्री दास को जिलाध्यक्ष के दायित्व से मुक्त करते हुए उनकी जगह दिलीप कुमार यादव को जिलाध्यक्ष पद पर तत्काल प्रभाव से मनोनीत किया जाता है.पार्टी के जिला प्रवक्ता डॉ. आलोक राज ने पूर्व विधायक श्री यादव को पूर्णिया जिला अध्यक्ष बनाये जाने पर हार्दिक बधाई दी है और इस निर्णय को संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया है. डॉ. आलोक राज ने कहा कि पूर्व विधायक दिलीप यादव का राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ राजद को चुनावी मोर्चे पर नई ऊर्जा प्रदान करेगा. वे पूर्व में भी लंबे समय तक जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, ऐसे में उनके नेतृत्व में जिला कमेटी और अधिक संगठित रूप में कार्य करेगा. उन्होंने कहा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जिला नेतृत्व में हुआ यह बदलाव निश्चित तौर पर महागठबंधन के प्रत्याशियों के लिए लाभकारी साबित होगा. दिलीप यादव का अनुभव और जमीनी नेटवर्क राजद को हर बूथ तक मजबूत करेगा और बिहार में सत्ता परिवर्तन के लिए यह कदम मील का पत्थर साबित होगा. राजद प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा दिलीप यादव जैसे सक्रिय नेता को पुनः यह जिम्मेदारी सौंपना इस बात का संकेत है कि पार्टी अब पूरी रणनीति के साथ मैदान में उतर चुकी है.डॉ. आलोक राज ने विश्वास जताया कि पूर्व विधायक दिलीप यादव के नेतृत्व में राजद जिला इकाई पूर्णिया आने वाले चुनाव में एकजुटता और संकल्प का परिचय देते हुए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की राह और भी आसान करेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >