धमदाहा. धमदाहा-पूर्णिया स्टेट हाईवे पर लोहिया चौक के समीप बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान धमदाहा नगर पंचायत क्षेत्र के बधवा गांव निवासी सुकदेव मल्लिक के 30 वर्षीय पुत्र मिथलेश मल्लिक के रूप में हुई है. मिथिलेश धमदाहा नगर पंचायत में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत था और प्रतिदिन की तरह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिथिलेश बाइक से बधवा गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान लोहिया चौक के समीप पूर्णिया की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मिथिलेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी और तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल धमदाहा पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने की घटनास्थल की जांच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक अपने परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
धमदाहा-पूर्णिया स्टेट हाईवे पर कार-बाइक की टक्कर में नगर पंचायत के सफाईकर्मी की मौत
धमदाहा-पूर्णिया स्टेट हाईवे पर लोहिया चौक के समीप बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी.
