टेंपो टोटो चालकों ने की निगम के कथित संवेदकों पर लगाम लगाने की मांग

आमसभा में मुखर रूप से उठा जबरन वसूली का मुद्दा

टेंपो टोटो चालक संघ की आमसभा में मुखर रूप से उठा जबरन वसूली का मुद्दा

निगम से रोजाना के टैक्स के एवज में चालकों को सुविधा मुहैया कराने की मांग

पूर्णिया. टेंपो टोटो चालक संघ ने जिला प्रशासन से दिन के एक बजे के बाद जबरन वसूली करने वाले निगम के कथित संवेदकों पर लगाम लगाने की मांग की है. संघ ने कहा है कि संवेदकों द्वारा सौ से दो सौ तक वसूले जाते हैं जबकि नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा जबरन जुर्माना लेने का कोई सरकारी आदेश नहीं है. संघ ने प्रशासन से इसकी जांच और कार्रवाई की मांग की है. नगर निगम द्वारा रोजाना 15 रुपये टैक्स वसूले जाने का जिक्र करते हुए संघ ने कहा है कि इस एवज में उन्हें कोई सुविधा उपलब्ध नहीं करायी जाती है. संघ ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में सभी चालक टेंपो-टोटो का अनियमित टैक्स देना बंद करेंगे क्योंकि टोटो का टैक्स लेने का कोई सरकारी आदेश नहीं है. दरअसल, शहर के रंगभूमि मैदान में हुई टेंपो टोटो चालक संघ की आमसभा में संघ के नेताओं ने गंभीरता के साथ इसके साथ कई अहम मुद्दे उठाए. सभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मोहम्मद जहांगीर कर रहे थे जबकि संचालन संघ के महासचिव शिव शंकर सिंह कर रहे थे. बैठक में निगम द्वारा लिए जा रहे टैक्स के एवज में जरुरी सुविधाएं मुहैया कराने की जरुरत पर चर्चा करते हुए संवेदकों की मनमानी पर रोष जताया गया और इस पर रोक लगाने की मांग की गई. इस मौके पर निर्णय लिया गया कि सभी चालक अपनी-अपनी सुरक्षा-सुविधा देखते हुए अपना रूट चार्ट का चयन करें ताकि हर रूट में चलने वाले गाड़ी की कलर कोडिंग चिह्नित की जा सके. सभा में मौजूद चालकों से अनुरोध करते हुए कहा गया कि जिनके पास गाड़ी की लाइसेंस नहीं है वे अविलंब अपना लाइसेंस बनवा ले. जिले में चलने वाले सभी चालक संघ के माध्यम से अपना-अपना आई कार्ड भी बनवाएं ताकि शहर में परिचालन में कोई दिक्कत न हो.

नियमों के अनुरुप परिचालन की दी सलाह

टेंपो टोटो चालक संघ की इस आमसभा में विशेष रुप से पुलिस उपाध्यक्ष यातायात एवं थाना प्रभारी यातायात ने भी शिरकत की और विधिवत रूप से टेंपो टोटो के परिचालन को लेकर चालकों का मार्गदर्शन किया. संघ द्वारा यह जानकारी देते हुए कहा गया कि दो फरवरी को प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा अंतिम आदेश बैठक में पारित किए जाने के उपरांत सभी परिवहन नियमों का पालन करते हुए गाड़ी का परिचालन जारी रखा जाएगा. कहा गया कि अखिल भारतीय परिवहन चालक संगठन की बिहार इकाई के आह्वान पर मांगों के समर्थन में आगामी 12 फरवरी को जिला में सभी गाड़ियों का परिचालन बंद रहेगा. बैठक में संघ के अध्यक्ष मोहम्मद जहांगीर, महासचिव शिव शंकर सिंह के साथ में करीब एक हजार चालकों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >