बाजारों में दिख रही रमजान की रौनक, रोजेदार कर रहे जरूरी सामान की खरीदारी
शहर के ड्राईफ्रूटस की दुकानों पर सुबह से ही जुटने लगते हैं ग्राहक, बिकवाली तेज
पूर्णिया. रमजान के बाजार में इस बार जम कर खरीदारी हो रही है. सेहरी और इफ्तार को खास बनाने के लिए ड्राईफ्रूटस की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहक जुटने लगते हैं. रोजेदारों की भीड़ से खास तौर पर सुबह और शाम शहर के बाजारों की रौनक बढ़ जाती है. इन दुकानों से लोग काजू, किशमिश, पिस्ता और अखरोट की खरीदारी कर रहे हैं. यह अलग बात है कि रोजेदारों के लिए दुबई और सऊदी का खजूर और हैदराबादी सेवई पसंदीदा आइटम बना है. दुकानदारों की मानें तो इन खजूरों को उनके बेहतरीन स्वाद, मुलायम बनावट और उच्च गुणवत्ता के कारण पसंद किया जा रहा है. यही वजह है कि इसकी डिमांड अधिक है पर पूर्णिया के बाजारों में खजूर के महंगे आइटमों का आवक कम है. इसके साथ ही सेवई के अलग-अलग आइटम भी खूब बिक रहे हैं.बाजारों में उपलब्ध हैं खजूर की कई किस्में
पूर्णिया के बाजारों में खजूर की ढेर सारी किस्में उपलब्ध हैं. महंगा से महंगा और सस्ता से सस्ता सभी रेंज के खजूर मिल रहे हैं. सामान्य तौर पर 300 से 600 रूपए प्रति किलो वाले खजूर की आमद ज्यादा है और अधिकांश लोग इसी की खरीदारी करते हैं. वैसे, दुबई के प्रीमियम क्चालिटी वाले खजूर के दाम 2000 रूपए प्रति किलो तक बताए जा रहे हैं. खुश्कीबाग के दुकानदार रतन प्रसाद की मानें तो सऊदी के अजवा और दुबई के प्रीमियम खजूर की भी मांग लोग करते हैं जो काफी महंगा आइटम है. शहर के फलबाजार में 300 से 600 रूपए प्रति किलो बिकने वाले खजूर सहज ही दिख जाते हैं. दुकानदार कहते हैं किइसकी बिक्री भी अधिक होती है. फल दुकानदार महंगा आइटम नहीं रखते. आलम यह है कि सेहरी और इफ्तार को खास बनाने के लिए रोजेदार ड्राईफ्रूटस के आइटमों में खजूर को शामिल करना नहीं भूलते. इफ्तार में खजूर से रोजा खोलने की परंपरा के कारण इसकी बिक्री भी इन दिनों बढ़ गई है.बनारस और हैदराबादी सेवई का लोग ले रहे स्वाद
रमजान को लेकर शहर के बाजारों में सेवई के भी कई आइटम बिक रहे हैं. रमजान के दौरान रोजेदार न केवल बनारस व कोलकाता वाली बल्कि हैदराबादी सेवई का भी स्वाद चख रहे हैं. लोकल सेवई भी बाजार में है पर दाम में उछाल है. शहर के खजांची हाट से रजनी चौक और थाना चौक से मधुबनी तक सेवई की कई दुकानें सजी हैं. उधर, कचहरी के अलावा लाइनबाजार और खुश्कीबाग में भी सेवई लच्छों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है. सेवई के बाजार में हैदराबादी सेवई उतरा है जो महंगा भी है. पटना का सेवई भी बाजार में है जबकि कई बड़ी कंपनियों के सेवई भी बाजार में बिक रहे हैं. दुकानदारों के मुताबिक ढाई सौ से 1200 तक की कीमत वाली सेवई शहर के बाजारों में उपलब्ध है. दूध फ्रेमिंग सेवई की कीमत 7 सौ तक है जबकि इससे भीमहंगा सेवई आइटम बिक रहा है. कई दुकानदारों ने बताया कि रमजान में इस बार बाजार अच्छा रहने की उम्मीद है. दुकानदारों ने बताया कि हैदराबादी सेवई पूर्णिया के बाजारों का खास आइटम माना जा रहा है.
————–