पूर्णिया की क्रिकेट खिलाड़ी अपूर्वा का ईस्ट जोन क्रिकेट टीम में चयन
पूर्णिया की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अपूर्वा कुमारी ने एक बार फिर खेल जगत में जिले का नाम रोशन किया है. अपूर्वा का चयन ईस्ट जोन की क्रिकेट टीम में हुआ है और वह इस टीम में जगह बनाने वाली बिहार की एकमात्र खिलाड़ी हैं.
By ARUN KUMAR | Updated at :
चयन से पूर्णिया क्रिकेट संघ और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर
पूर्णिया. पूर्णिया की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अपूर्वा कुमारी ने एक बार फिर खेल जगत में जिले का नाम रोशन किया है. अपूर्वा का चयन ईस्ट जोन की क्रिकेट टीम में हुआ है और वह इस टीम में जगह बनाने वाली बिहार की एकमात्र खिलाड़ी हैं. उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार को बल्कि पूरे पूर्णिया क्रिकेट संघ और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है. जिले की उभरती हुई क्रिकेटर अपूर्वा कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से वह मुकाम हासिल किया है. अपूर्वा की इस ऐतिहासिक सफलता पर पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ द्वारा शहर के रजनी चौक के नजदीक बैठा भवन में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इसमें क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जयंत गौतम, सचिव पंकजा कुमारी, कोच राजेश बैठा, जितेंद्र सिन्हा गोपी सहित परिजनों व खिलाड़ियों ने अपूर्वा को फूलों का गुलदस्ता और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इसके बाद केक काट कर एक दूसरे को खिलाया. समारोह में शामिल अपूर्वा के भाई-भाभी ने कहा इसकी मेहनत को याद करते हुए कहा कि यह उसकी वर्षों की तपस्या का फल है. मौके पर संघ के अध्यक्ष जयंत गौतम ने कहा कि सबसे गौरव की बात यह है कि पूरे बिहार से केवल अपूर्वा ही एकमात्र खिलाड़ी है जिन्होंने ईस्ट जोन की टीम में अपनी जगह सुरक्षित की है. यह उनकी असाधारण प्रतिभा और हालिया मैचों में उनके शानदार प्रदर्शन का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि जिले वासियों के लिए खुशी का पल है. इससे अन्य खिलाड़ियों का हौसला बढ़ेगा. संघ के सचिव पंकजा व अपूर्वा के कोच राजेश बैठा ने कहा कि अपूर्वा की सफलता पूर्णिया के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. सीमित संसाधनों के बावजूद उसने जो मुकाम हासिल किया है, वह काबिले तारीफ है. हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जर्सी में नजर आयेगी.
ईस्ट जोन टीम का पहला मैच 26 मार्च को पुडुचेरी में
ज्ञात हो कि अपूर्वा अपनी धारदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी ( ऑलराउंडर) के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने स्थानीय स्तर से शुरुआत की और लगातार स्टेट लेवल क्रिकेट में बेहतर औसत के साथ प्रदर्शन किया. उनकी इस उपलब्धि से बिहार में महिला क्रिकेट को एक नई पहचान मिली है. वे वर्ष 2017 से लगातार बेहतर क्रिकेट खेलती रही है. अपूर्वा ने बताया कि ईस्ट जोन टीम का पहला मैच 26 मार्च को पुडुचेरी में है. पूरे देश में चार टीमें बनी है. इसमे से ईस्ट जोन टीम में उनका सेलेक्शन हुआ है. अपूर्वा ने बताया कि ईस्ट जोन टीम में सेलेक्शन होना हर खिलाड़ी का सपना होता है. उन्होंने बताया कि अब भारतीय महिला टीम में शामिल होना उनका सपना है और लक्ष्य भी है. ज्ञात हो कि अपूर्वा माधोपारा कॉपरेटिव कॉलोनी निवासी मनोज कुमार एवं सीमा देवी की पुत्री है.