पूर्णिया की हकमारी के खिलाफ कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन
मखाना अनुसंधान केन्द्र पूर्णिया में स्थापित किए जाने की मांग
पूर्णिया. मखाना अनुसंधान केंद्र को पूर्णिया की बजाय अन्यत्र स्थापित किए जाने का जिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है और कहा है कि पूर्णिया का हक छीन कर दूसरे जिले को दिया गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरेगी. यहां जारी बयान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिजेन्द्र यादव ने कहा है कि पूर्णिया के साथ यह नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस साजिश में शामिल तमाम लोगों को बेनकाब किया जाएगा. कांग्रेस अध्यक्ष ने कृषि विश्वविद्यालय की भूमिका पर भी सवाल खड़ा किया है और कहा है कि मखाना बोर्ड की तरह अनुसंधान केन्द्र को लेकर भी साजिश की जा रही है. कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्री यादव ने सवालिया लहजे में कहा है कि पूर्णिया में मखाना अनुसंधान केन्द्र की मांग जब विगत कई वर्षों से हो रही है और मखाना का विकास कार्य जब पूर्णिया से चल रहा है तो फिर किस सोच के साथ दूसरे जिले में अनुसंधान केन्द्र स्थापित किए जाने का प्रस्ताव दिया गया. उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की है और पूर्णिया में पिछले एक दशक से चल रहे मखाना विकास और अनुसंधान कार्य की विवेचना करने की जरुरत बतायी है. अपने बयान में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि पूर्णिया में मखाना के अधिकतम उत्पादन को देखते हुए ही पूर्णिया के जनता चौक की संस्था को जीआई टैग दिया गया. मखाना आज यहां की प्रमुख नकदी फसल बन गई है. यहां से मखाना का अंतर्राष्ट्रीय निर्यात भी होता है, इस लिहाज से मखाना का अनुसंधान केन्द्र और मखाना बोर्ड पूर्णिया में ही स्थापित किया जाना चाहिए.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
