PURNIA : कॉमेडके यूजीईटी परीक्षा के दौरान देर शाम तक सर्वर डाउन, हंगामे के बाद परीक्षा स्थगित
पूर्णिया शहर के माधोपाड़ा स्थित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर बीती देर शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब COMEDK UGET 2026 कॉमेडके यूजीईटी की परीक्षा के दौरान अचानक सर्वर डाउन हो गया.
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट :
पूर्णिया शहर के माधोपाड़ा स्थित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर बीती देर शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब COMEDK UGET 2026 कॉमेडके यूजीईटी की परीक्षा के दौरान अचानक सर्वर डाउन हो गया. सर्वर में तकनीकी खराबी आने के कारण परीक्षा बाधित हुई, जिससे आक्रोशित परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने केंद्र पर जमकर हंगामा किया. स्थिति को बिगड़ते देख मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा, जिसके बाद प्रशासन ने फिलहाल परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया है. जानकारी के अनुसार, माधोपाड़ा स्थित ऑनलाइन सेंटर पर दो पाली पाली में छात्र परीक्षा देने पहुंचे थे. पहली पाली परीक्षा संपन्न होने के बाद जैसे ही दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर के दो बजे शुरू हुई. परीक्षा के एक घंटा बीस मिनट के बाद सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया. छात्रों का आरोप है कि सर्वर डाउन होने की वजह से काफी समय बर्बाद हुआ. परीक्षार्थियों ने बताया कि हम छात्र अररिया, कटिहार, मधेपुरा, किशनगंज समेत विभिन्न जिले से परीक्षा देने पहुंचे थे. दूसरी पाली की परीक्षा शाम 5 बजे खत्म होनी थी, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण रात्रि के 7:30 बजे तक सर्वर सही नहीं हुआ . वहीं परीक्षा में देरी और तकनीकी अव्यवस्था से नाराज छात्रों ने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. अभिभावकों का कहना था कि दूर-दराज से आए छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है और सेंटर पर बुनियादी तकनीकी सुविधाओं का अभाव है. हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इधर, तकनीकी खराबी को तत्काल ठीक न होता देख, केंद्र प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने परीक्षा को स्थगित करने की घोषणा की. जल्द ही इस केंद्र के परीक्षार्थियों के लिए नई तिथि और समय की घोषणा की जाएगी.