दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों एवं कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को पूर्णिया में निकाला गया छात्र संगठनों का प्रदर्शन लगातार उग्र बना हुआ है. करीब तीन घंटे से कलेक्ट्रेट और आर.एन. साह चौक के आसपास छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है.
रोड़ेबाजी, बैरिकेडिंग तोड़ने और पुलिस के लाठीचार्ज के बाद एक बार फिर बड़ी संख्या में छात्र कलेक्ट्रेट के समीप जमा हो गए हैं. प्रदर्शनकारी किसी भी कीमत पर कलेक्ट्रेट तक पहुंचने पर अड़े हैं, जबकि पुलिस उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए लगातार बल प्रयोग कर रही है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल कुमार और एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन स्वयं मौके पर मौजूद हैं और पुलिस बल के साथ पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है तथा पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया है.
प्रदर्शन के दौरान कई बार छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की, नोकझोंक और पथराव की घटनाएं हुईं, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. इसके बावजूद छात्र दोबारा संगठित होकर कलेक्ट्रेट के समीप पहुंच गए और नारेबाजी जारी रखी.
फिलहाल कलेक्ट्रेट क्षेत्र पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील है. प्रशासन हालात को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर लगातार डटे हुए हैं. इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है.
