विजयादशमी के अवसर पर मरंगा में पप्पू यादव ने किया रावण दहन पूर्णिया. विजयादशमी के अवसर पर पूर्णिया के मरंगा में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होकर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रावण दहन किया और अधर्म पर धर्म एवं असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विजयादशमी का असली संदेश यही है कि हम केवल प्रतीकात्मक रावण को न जलाएं, बल्कि समाज को खोखला करने वाले भ्रष्टाचारी, माफिया और अपराधी जैसे असली रावणों के खिलाफ भी एकजुट होकर संघर्ष करें. हमें अपने भीतर के अहंकार, लालच और अन्याय जैसे रावणों का भी दहन करना होगा. सांसद ने इस दौरान पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के मधुबनी, कोरटबाडी शीतला मंदिर, कोर्ट स्टेशन, लाइन्स क्लब, रजनी चौक, दुर्गा बाडी, मधुबनी रिफ्यूजी कॉलोनी विभिन्न पूजा पंडालों का भी दौरा किया और श्रद्धालुओं से मुलाक़ात की. उन्होंने माता रानी से सभी बिहारवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना भी की. सांसद ने रूपौली विधानसभा अंतर्गत बड़हरा कोठी प्रखण्ड के लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित महीखंड गांव के यादव टोला दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित मां दुर्गा पूजा मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. यहां उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. कार्यक्रम के अंत में सांसद ने बिहारवासियों से राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाने की राह पर आगे बढ़ने की अपील की. इस मौके पर प्रतिनिधि अफरोज आलम, प्रवक्ता राजेश यादव, कुमार दिवाकर सिंह, सुड्डू यादव, दिवाकर चौधरी, सुमित यादव,ललन यादव, संगम आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
