पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट:
रफ्तार के कहर से बरसोनी के पास हुआ हादसा, वाहनों के उड़े परखच्चे
पूर्णिया में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. आज सुबह करीब 6:30 बजे बरसोनी के नजदीक एक तेज रफ्तार कार, मकई लदे ट्रैक्टर और ऑटो के बीच आपस में जोरदार टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी भयावह थी कि तीनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला.
क्षतिग्रस्त कार से ही घायलों को पहुँचाया गया अस्पताल
इस हादसे की खास बात यह रही कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होने के बावजूद कार चालक को खरोंच तक नहीं आई. मानवता का परिचय देते हुए उसी क्षतिग्रस्त कार की मदद से सभी घायलों को तुरंत राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) पूर्णिया लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से एक की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.
सब्जी खरीदने और मंडी जा रहे थे सभी घायल
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग खुश्कीबाग और गुलाबबाग की ओर आ रहे थे. घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
सोनू कुमार साह: निवासी बायसी, सतिबुर रहमान: निवासी बकरियां डगरुआ, इमोन सोरेन: निवासी दलमारपुर बायसी.
बरसोनी के पास पहुँचते ही तीनों वाहन इस भीषण दुर्घटना के शिकार हो गए. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका जीएमसीएच पहुंचने का सिलसिला जारी है. स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है.
Also Read: आजमनगर अंचल कार्यालय फिर विवादों में, बिहार सरकार की 57 डिसमिल जमीन पर अवैध जमाबंदी का आरोप
