पूर्णिया : पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में सिनेप्से सोसाइटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘आविष्कार हैकाथॉन 2026’ का शुभारंभ हुआ. आयोजन 13 अगस्त तक चलेगा. इसमें विद्यार्थियों को कोडिंग, प्रोग्रामिंग, समस्या समाधान और तकनीकी नवाचार से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है.
हैकाथॉन के दौरान विद्यार्थियों के लिए ब्लाइंड कोडिंग, डिबगिंग चुनौती, रिवर्स कोडिंग, सी प्रोग्रामिंग, पाइथन, वेब विकास और खेल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है. इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, प्रोग्रामिंग कौशल, रचनात्मकता, टीम भावना और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है.
कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्राचार्य सह संरक्षक प्रो. डॉ. मनोज कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है. कार्यक्रम के संकाय समन्वयक सीएसई विभागाध्यक्ष प्रो. राजू कुमार हैं.
शुभारंभ के अवसर पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला. प्रतिभागियों ने विभिन्न तकनीकी चुनौतियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया. आयोजन विद्यार्थियों को तकनीक के माध्यम से वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में सोचने और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में अपने कौशल को निखारने का मंच प्रदान कर रहा है.
आयोजन के आगामी दिनों में भी विभिन्न तकनीकी एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इनमें विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
