मोबाइल पर बहस करते हुए घर से निकला युवक, सुबह रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिली लाश

पूर्णिया में मोबाइल पर बहस करते हुए घर से निकले एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिलने से सनसनी फैल गई है. तीन दिन पहले ही बेटी का जन्मदिन मनाने वाले जितेंद्र उरांव की मौत को परिजन संदेहास्पद बता रहे हैं और पुलिस कॉल डिटेल्स के जरिए मामले की जांच में जुटी है.

पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट: शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीबाड़ी रेलवे गुमटी के पास शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक का शव रेल की पटरी पर कई टुकड़ों में बिखरा हुआ पाया गया. मृतक की पहचान 30 वर्षीय जितेंद्र उरांव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कटिहार का निवासी था लेकिन लंबे समय से पूर्णिया के रामबाग मोहल्ले में रह रहा था.

फोन पर बहस करते हुए निकला था घर से

घटना के संबंध में मृतक के मामा मनीष मिंज ने बताया कि जितेंद्र गुरुवार शाम को अपने घर से निकला था. घर से निकलते समय वह मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति से काफी तीखी बहस कर रहा था. जब वह रात भर घर वापस नहीं लौटा, तो उसकी पत्नी और परिजनों ने काफी खोजबीन की. शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि सौरा बांध रेलवे गुमटी के पास एक शव पड़ा है, जिसकी शिनाख्त बाद में जितेंद्र के रूप में हुई.

तीन दिन पहले ही मनाया था बेटी का जन्मदिन

परिजनों ने बताया कि घर में महज तीन दिन पहले ही जितेंद्र की बेटी का जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया गया था. उस समय पूरा परिवार खुशियों में डूबा था, लेकिन इस अनहोनी ने खुशियों को मातम में बदल दिया है. जितेंद्र की मौत के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है. परिजनों का कहना है कि उसकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में शव का टुकड़ों में मिलना गहरी साजिश और हत्या की ओर इशारा करता है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव के अवशेषों को समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने मामले को संदेहास्पद बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. पुलिस अब जितेंद्र के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि आखिरी बार वह किससे और किस विषय पर बहस कर रहा था. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >