पूर्णिया. पूर्णिया विवि की ओर से पैट 2024 और पैट 2025 को लेकर 10 फरवरी से आवेदन प्रक्रिया आरंभ की जायेगी. कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह की पहल पर समर्थ पोर्टल पर आवेदन लेने का विवि ने निर्णय लिया है. इस संबंध में डीन छात्र कल्याण प्रो. अरविंद कुमार वर्मा के हवाले से विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पूर्णिया विवि में पीएचडी प्रवेश परीक्षा 2024 और 2025 के लिए 10 फरवरी से आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होगी. समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया होगी. इसे लेकर विस्तृत जानकारी विवि की वेबसाइट पर जल्द दी जायेगी . गौरतलब है कि बीते 20 जनवरी को विद्वत परिषद् की 24वीं बैठक में पीएचडी को लेकर कई अहम निर्णय लिये गये. इसके तहत अब विदेशी छात्र-छात्राओं को भी मौका मिलेगा कि वे भी पूर्णिया विवि से पीएचडी का अध्ययन कर डिग्री प्राप्त कर सकें. यूजीसी की गाइडलाइन में इसके लिए व्यवस्था निर्धारित की गयी है. विदेश में रह रहे जो भी छात्र-छात्रा इच्छुक होंगे तो वे विहित प्रक्रिया का पालन करते हुए पीएचडी में प्रवेश ले सकेंगे. इसके साथ ही शोध से संबंधित निर्णयों में पीएचडी सत्र 2024–2025 के लिए नामांकन ब्रोशर, कोर्स वर्क का नया सिलेबस, साहित्यिक चोरी रोकथाम विनियम–2026, पीएचडी उपाधि हेतु एसओपी तथा नामांकन से लेकर उपाधि प्रदान किए जाने तक की संपूर्ण कार्यप्रणाली को अनुमोदित किया गया. साथ ही यूजीसी रेगुलेशन के तहत नवनियुक्त शिक्षकों को पीएचडी शोध निदेशक के रूप में अनुमोदन प्रदान किया गया. नवनियुक्त शिक्षकों को पीएचडी शोध निदेशक का दायित्व मिल जाने से सीटों की संख्या में भी स्वाभाविक रूप से वृद्धि होगी.
पूर्णिया विवि में पैट 2024-25 के लिए 10 फरवरी से आवेदन प्रकिया
पूर्णिया विवि
