पूर्णिया में खुलेंगे एक और केंद्रीय विद्यालय, केंद्र ने दी मंजूरी

केंद्र ने दी मंजूरी

पूर्णिया. दीपवाली से पहले पूर्णियावासियों के लिए खुशखबरी है. पूर्णिया में एक और केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने जिले में नये केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मंजूरी दे दी है. पूर्व से जिले में केंद्रीय विद्यालय चूनापुर में संचालित है. नये केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के साथ पूर्णिया जिला में अब दो केंद्रीय विद्यालय संचालित होंगे. पूर्णिया जिला बिहार के उन चुनिंदा जिलों में शामिल हो चुका है जहां एक से अधिक केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए त्वरित प्रयास करते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन को भूमि उपलब्ध कराते हुए तत्काल शैक्षणिक कार्य प्रारंभ करने के लिए अस्थायी भवन भी उपलब्ध करा दिया है. नव स्थापित विद्यालय का परिसर आयुक्त कार्यालय के निकट शिक्षा कॉलोनी में विकसित किया जाएगा. स्थायी परिसर के पर्याप्त विकास होने तक विद्यालय का संचालन अस्थायी रूप से आदर्श मध्य विद्यालय बेलौरी के परिसर में किया जाएगा. सरकार द्वारा अभिनव पहल करते हुए पहली बार केंद्रीय विद्यालय को बाल वाटिका, यानी बुनियादी चरण (प्री-प्राइमरी) के 3 वर्षों के साथ मंजूरी दी गयी है. विद्यालय के पूर्ण रूप से विकसित होने के उपरांत लगभग 1520 छात्र एक साथ अध्ययन कर सकेंगे. इससे लगभग 81 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं सैकड़ों अन्य व्यक्तियों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

ARUN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >