आंध्र प्रदेश की फैक्ट्री से लौटे एक और मजदूर की मौत, अब तक सात श्रमिकों ने गंवाई जान

आंध्र प्रदेश की एक निजी फैक्ट्री में काम करने के दौरान बीमार हुए मजदूर रंजीत ऋषिदेव की मौत हो गई. परिजनों ने ठेकेदार पर शोषण और मारपीट का आरोप लगाया है. इस घटना ने इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है.

Kasba Labour Death Case: कसबा (पूर्णिया). आंध्र प्रदेश स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करने के दौरान बीमार हुए मजदूर रंजीत ऋषिदेव की मंगलवार देर रात उनके पैतृक आवास पर मौत हो गई. बुधवार सुबह कसबा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

ठेकेदार के घर के बाहर किया प्रदर्शन

मजदूर की मौत के बाद परिजनों ने मंगलवार देर रात ही शव को कथित आरोपी ठेकेदार मो. जुनैद के घर के बाहर रखकर विरोध-प्रदर्शन किया. पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री मो. अफाक आलम, जिला परिषद सदस्य रवि राज तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव को अपने घर ले गए.

आंध्र प्रदेश की फैक्ट्री में करता था काम

परिजनों के अनुसार रंजीत ऋषिदेव कई महीनों से आंध्र प्रदेश स्थित आशीर्वाद मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड में पत्थर घिसकर टैल्कम पाउडर बनाने का काम करता था. काम के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई. आरोप है कि जब वह घर लौटना चाहता था तो कथित ठेकेदार मो. जुनैद तथा उसके भाइयों मो. गुडलक और मो. सैफ द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती थी. करीब चार माह पहले परिजन गंभीर हालत में उसे घर लेकर आए थे.

इलाज के बावजूद नहीं बच सकी जान

परिजनों ने बताया कि 15 जून को उसकी हालत अधिक गंभीर होने पर उसे पटना एम्स में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताते हुए उसे घर ले जाने की सलाह दी. मंगलवार देर रात जियनगंज मुसहरी स्थित उसके घर पर उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों का कहना है कि उसकी पत्नी की भी आंध्र प्रदेश से लौटने के बाद बीमारी के कारण मौत हो चुकी है. दंपति के पीछे दो बेटियां और एक बेटा है.

एक ही गांव के पांच मजदूरों की हो चुकी है मौत

स्थानीय लोगों के अनुसार जियनगंज गांव के अब तक पांच मजदूरों की इसी तरह मौत हो चुकी है. इससे पहले श्रवण ऋषि, मो. राजिक, मो. मशद और मो. मुस्तफा की भी मौत हो चुकी है. वहीं मो. दानिश सहित एक अन्य मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है.

पूर्व मंत्री ने मुआवजे की मांग की

पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक मो. अफाक आलम ने कहा कि लगातार हो रही मजदूरों की मौत बेहद दुखद है. उन्होंने राज्य सरकार से सभी मृतक मजदूरों के आश्रितों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होते तो मजदूरों को दूसरे राज्यों में काम करने के लिए नहीं जाना पड़ता.

पुलिस ने कहा- अन्य आरोपियों की तलाश जारी

Kasba Labour Death Case: कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि तीन जून को मृतक मजदूर मो. मशद के पिता के बयान पर कांड संख्या 236/26 दर्ज किया गया था. मामले में आरोपी ठेकेदार मो. गुडलक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >